रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और गुजरात टाइटंस के बीच आईपीएल 2026 का खिताबी मुकाबला खेला जा रहा है। ये मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हो रहा है। इस मैच को देखने के लिए स्टेडियम में दिग्गजों का तांता लगा और आईसीसी अध्यक्ष जय शाह के अलावा भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के शीर्ष अधिकारी भी अहमदाबाद में मौजूद हैं।
आरसीबी ने जीता टॉस
फाइनल मुकाबले में गत विजेता आरसीबी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। कप्तान रजत पाटीदार ने बताया कि उन्होंने प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, गुजरात के खेमे में अरशद खान की वापसी हुई है। उन्हें साई किशोर की जगह प्लेइंग-11 में मौका मिला है।
स्टेडियम में दिग्गजों का तांता
आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले के लिए जय शाह, बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया, बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और बंगाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष सौरव गांगुली स्टेडियम में मौजूद हैं। वहीं, आरसीबी टीम की मालकिन अन्नया बिरला भी टीम का समर्थन करने पहुंची हैं। इसके अलावा गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, अनुराग ठाकुर और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की पत्नी भी स्टेडियम में मौजूद हैं।
आरसीबी को चियर करने पहुंचीं अनुष्का
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आरसीबी को चियर करने बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री और विराट कोहली की पत्नी अनुष्का शर्मा भी पहुंचीं। अनुष्का ने मैच का आनंद लिया। वह इससे पहले पिछले सीजन भी फाइनल देखने पहुंची थीं।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11:
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), क्रुणाल पांड्या, टिम डेविड, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), रोमारियो शेफर्ड, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, जैकब डफी, रसिख सलाम डार।
इम्पैक्ट खिलाड़ी: वेंकटेश अय्यर, कनिष्क चौहान, स्वप्निल सिंह, अभिनंदन सिंह, जॉर्डन कॉक्स।
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), जेसन होल्डर, वाशिंगटन सुंदर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, निशांत सिंधू, कगिसो रबाडा, अरशद खान, मोहम्मद सिराज।
इम्पैक्ट खिलाड़ी: प्रसिद्ध कृष्णा, ग्लेन फिलिप्स, अनुज रावत, कुमार कुशाग्र, साई किशोर।