आईपीएल 2026 के 26वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की भिड़ंत शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स के साथ हो रही है। इस मैच के दौरान आरसीबी के बल्लेबाज टिम डेविड ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम दर्ज कर ली है। एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में टिम डेविड ने 17 गेंदों में 26 रनों की पारी खेलने के साथ ही खास मुकाम हासिल कर लिया है।
आईपीएल में पूरे किए एक हजार रन
टिम डेविड ने आईपीएल में एक हजार रन पूरे कर लिए हैं। डेविड इस लीग में गेंदों के लिहाज से सबसे तेज एक हजार रन पूरे करने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने आईपीएल में एक हजार रन 560 गेंदें खेलकर पूरे किए हैं। वहीं, आईपीएल में सबसे कम गेंदें खेलकर एक हजार रन बनाने का रिकॉर्ड आंद्रे रसेल के नाम दर्ज है। उन्होंने आईपीएल में एक हजार रन 545 गेंदें खेलकर पूरे किए थे। टिम डेविड ने इस मामले में ट्रेविस हेड, फिल सॉल्ट, हेनरिच क्लासन और वीरेंद्र सहवाग को पीछे छोड़ दिया है। हेड ने आईपीएल में 1000 रन 575 गेंदें खेलकर पूरे किए थे, जबकि फिल सॉल्ट ने यह मुकाम 575 गेंदें खेलकर हासिल किया था। वहीं, सहवाग ने आईपीएल में एक हजार रन 604 गेंदों में पूरे किए थे।
आरसीबी की पारी
हालांकि, टिम डेविड बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और वह 17 गेंदों का सामना करने के बाद 26 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस पारी में उन्होंने तीन चौके और एक छक्का लगाया। मैच की बात करें तो दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। आरसीबी ने फिल सॉल्ट के अर्धशतक की मदद से 20 ओवर में आठ विकेट पर 175 रन बनाए। पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी की शुरुआत शानदार रही। विराट कोहली और फिल सॉल्ट की सलामी जोड़ी ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए 5.1 ओवर में 52 रन जोड़े। कोहली ने 13 गेंदों का सामना करते हुए 19 रन बनाए। वहीं, सॉल्ट ने 38 गेंदों में 63 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में सॉल्ट ने चार चौके और तीन छक्के लगाए। देवदत्त पडिक्कल ने 18 रनों का योगदान दिया, तो कप्तान रजत पाटीदार चार गेंदों में आठ रन बनाकर आउट हुए। दिल्ली की ओर से लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव और अक्षर पटेल को दो-दो विकेट लिए, जबकि मुकेश कुमार को एक सफलता मिली।