फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Stampede: चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ में 11 की मौत और 33 घायल, सीएम सिद्धारमैया ने दी जानकारी

Wed, 04 Jun 2025 07:07 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बंगलूरू

सार

आईपीएल 2025 का खिताब जीतने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की टीम बुधवार को बंगलूरू पहुंची थी। इस दौरान कर्नाटक सरकार ने खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए भव्य आयोजन किया था। हालांकि, भीड़ बेकाबू हो गई और भगदड़ मच गई जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई। 
विज्ञापन
चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ - फोटो : PTI/ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई जबकि 33 लोग घायल हो गए। इसकी जानकारी कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने दी। दरअसल, आईपीएल 2025 का खिताब जीतने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की टीम बुधवार को बंगलूरू पहुंची थी। इस दौरान कर्नाटक सरकार ने खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए भव्य आयोजन किया था। हालांकि, भीड़ बेकाबू हो गई और भगदड़ मच गई जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई। 
विज्ञापन



मृतकों के लिए 10 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा
सिद्धारमैया ने आगे कहा, 'विजय समारोह के दौरान एक बड़ी त्रासदी घटी। यह घटना चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास हुई। सरकार ने मृतकों के लिए 10 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की है। सरकार घायलों को मुफ्त इलाज मुहैया कराएगी।' उन्होंने आगे कहा कि, 'मैं इस घटना का बचाव नहीं करना चाहता। हमारी सरकार इस पर राजनीति नहीं करेगी। मैंने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं और 15 दिन का समय दिया है। लोगों ने स्टेडियम के गेट भी तोड़ दिए। भगदड़ मच गई। किसी को इतनी बड़ी भीड़ की उम्मीद नहीं थी। स्टेडियम की क्षमता केवल 35,000 लोगों की है, लेकिन 2-3 लाख लोग आए।'



मालवीय ने किया था सात की मौत का दावा
इससे पहले भाजपा नेता अमित मालवीय ने भगदड़ में सात लोगों के मरने का दावा किया था। उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल 'एक्स' पर पोस्ट कर दावा किया था कि इस भगदड़ में सात लोगों की मौत और 16 लोग घायल हुए।मालवीय ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर व्यवस्थाएं नहीं कर पाने का आरोप लगाया । 

अमित मालवीय ने लिखा, 'बंगलूरू में भगदड़ की दुखद घटना घटी। जश्न का माहौल दुःस्वप्न में बदल गया। कर्नाटक राज्य सरकार द्वारा आरसीबी के आईपीएल अभियान का जश्न मनाने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में, खराब योजना और भीड़ के कुप्रबंधन के कारण भगदड़ मच गई। भगदड़ में 7 लोगों की जान चली गई। भगदड़ में 16 घायल, कई की हालत गंभीर है। इस दिल दहला देने वाली घटना को टाला जा सकता था। राज्य सरकार द्वारा बुनियादी प्रशासनिक दूरदर्शिता की कमी और भीड़ नियंत्रण में विफलता के कारण अपूरणीय क्षति हुई है। जवाबदेही तय की जानी चाहिए। लापरवाही के कारण जान गई, संयोग से नहीं।'



कर्नाटक भाजपा के अध्यक्ष ने भी जताई नाराजगी
वहीं, कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र भगदड़ में घायल हुए लोगों से मिलने के लिए बॉरिंग और लेडी कर्जन अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा, '11 से अधिक लोगों की जान चली गई है। मुख्यमंत्री को मामले को न्यायिक जांच के लिए भेजना चाहिए। राज्य सरकार को इस त्रासदी की पूरी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। जब पूरा देश और कर्नाटक आरसीबी की जीत का जश्न मना रहा था, तब राज्य सरकार ने बिना किसी पूर्व तैयारी के विजय रैली आयोजित करने की जल्दबाजी की, जिससे यह घटना हुई।'
विजयेंद्र ने कहा, 'राज्य सरकार ने कभी पूर्व तैयारियों की परवाह नहीं की। उन्हें प्रचार में अधिक रुचि थी। इसका परिणाम 11 से अधिक लोगों की मौत के रूप में सामने आया। कुछ लोग आईसीयू में हैं। मैंने कुछ पीड़ितों से बात की, अंदर कोई पुलिस नहीं थी, कोई एम्बुलेंस सुविधा नहीं थी।' वहीं, कर्नाटक विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष और भाजपा एमएलसी चलवडी नारायणस्वामी ने कहा, 'यह घटना सरकार की वजह से हुई। उन्हें इस बात का कोई अंदाजा नहीं था कि कितने लोग आएंगे, क्या सावधानियां बरतनी होंगी। यह सुरक्षा में चूक है।'

उप-मुख्यमंत्री शिवकुमार ने क्या कहा?
वहीं, कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने कहा, 'आरसीबी की जीत पर पूरा कर्नाटक उत्साहित है। युवा पीढ़ी से लेकर पुरानी पीढ़ी तक, हर कोई खुश है। 18 सत्र के लंबे इंतजार के बाद हमें सफलता मिली है। मैं कोहली को चट्टान की तरह खड़े रहने के लिए बधाई देता हूं और कर्नाटक के प्रति उनकी वफादारी की सराहना करता हूं। मुझे उम्मीद है कि यह शुरुआत है और कप आरसीबी के पास ही रहेगा।'

भारी भीड़ को लेकर शिवकुमार ने कहा, 'मुझे लगता है कि यह नियंत्रण में आने वाली भीड़ नहीं है। मैं बंगलूरू और कर्नाटक के सभी लोगों से माफी मांगता हूं। हम विक्ट्री परेड निकालना चाहते थे, लेकिन भीड़ बेकाबू है।' शिवकुमार ने आरसीबी के जश्न के दौरान हुई अफरातफरी पर कहा कि यह युवा जोश से भरी भीड़ थी, हम लाठी का इस्तेमाल नहीं कर सकते। उन्होंने कहा, 'बंगलूरू में आरसीबी के जश्न के दौरान हुई मौतों की कोई जानकारी नहीं है। विस्तृत जानकारी मिलने पर सूचित करेंगे। भीड़ बेकाबू थी, पुलिस को परेशानी हो रही थी, इसलिए हमें परेड को रोकने का फैसला लेना पड़ा।'

शिवकुमार ने कहा, 'मैंने पुलिस कमिश्नर और सभी से बात की है। मैं बाद में अस्पताल भी जाऊंगा। मैं उन डॉक्टरों को परेशान नहीं करना चाहता जो मरीजों की देखभाल कर रहे हैं। अभी सटीक संख्या नहीं बताई जा सकती। हम लोगों से शांत रहने की अपील करते हैं। हमने कार्यक्रम को छोटा कर दिया। कार्यक्रम 10 मिनट में ही खत्म हो गया। हम सब कुछ सामान्य करने की कोशिश कर रहे हैं। लाखों लोग आए जमा हुए थे।'

खिलाड़ियों की एक झलक पाने को बेताब थे प्रशंसक
दरअसल, विधान सौधा में मुख्यमंत्री सिद्दारमैया और राज्यपाल की मौजूदगी में खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान ही बीच में बारिश हुई। इसके बाद खिलाड़ी और वहां मौजूद लोग भागते नजर आए। खिलाड़ी तुरंत जाकर बस में चढ़ गए। इसके बाद न्यूज एजेंसी पीटीआई ने अपडेट दिया कि चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भारी भीड़ जमा हुई थी। वहां एक बच्चा बेहोश हुआ, जिसे लेकर पुलिस दौड़ती नजर आई। पीटीआई के मुताबिक, प्रशांसक के पेड़ और बस पर चढ़कर अपनी टीम की झलक पाने के लिए बेताब दिखे। वहीं, न्यूज एजेंसी एएनआई ने वीडियो जारी किया, जिसमें कुछ प्रशंसक चिन्नास्वामी स्टेडियम की दीवार और फेंस पर चढ़ते नजर आए। अपनी चैंपियन टीम की झलक पाने के लिए चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर और विधान सौधा के बाहर भारी संख्या में लोग मौजूद रहे। 
विज्ञापन

चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर फैंस को कोई भी ऊंची चीज दिखी, उस पर चढ़ गए। एएनआई ने वीडियो जारी किया है, जिसमें फैंस के एक कार को क्षति पहुंचाने की तस्वीर दिखाई गई है। कार पचक गई है और उसके शीशे टूट गए हैं। भीड़ को काबू में करने के लिए बंगलूरू पुलिस ने लाठी चार्ज भी किया। 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें