रवींद्र जडेजा अपनी पत्नी और बेटी के साथ
- फोटो : सोशल मीडिया
आईपीएल 2023 के फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स ने गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही धोनी की कप्तानी वाली टीम ने पांचवीं बार आईपीएल का चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस मैच में गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 214 रन बनाए थे, लेकिन बारिश की वजह से चेन्नई के सामने 15 ओवर में 171 रन का लक्ष्य था, जिसे चेन्नई ने पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया। रवींद्र जडेजा ने आखिरी दो गेंदों में 10 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिलाई।
चेन्नई को पांचवीं बार चैंपियन बनाने के बाद जडेजा जब अपनी पत्नी से मिले तो उन्होंने पहले जडेजा के पैर छुए फिर उनके गले लग गईं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और फैंस जडेजा की पत्नी की जमकर तारीफ कर रहे हैं। जडेजा की पत्नी रिवाबा जामनगर उत्तर सीट से भाजपा विधायक हैं, लेकिन जब वह अपने पति से मिलने मैदान में पहुंचीं तो उन्होंने भारतीय संस्कारों का परिचय दिया।
रिवाबा साड़ी पहनकर मैदान में पहुंचीं और उनका सिर भी पल्लू से ढंका हुआ था। इसके बाद उन्होंने जडेजा के पैर छुए और जडेजा ने उन्हें गले लगा लिया। फैंस का कहना है कि भारतीय परंपरा के अनुसार रिवाबा ने अपने संस्कारों का परिचय दिया है और बाकी लोगों को भी उनसे सीख लेनी चाहिए।
मैच में जडेजा ने किया कमाल
फाइनल में रवींद्र जडेजा ने चेन्नई के लिए शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने शुभमन गिल को आउट कर चेन्नई की टीम को पहली सफलता दिलाई और उनके विकेट के चलते ही चेन्नई की टीम मैच में वापस आई। वहीं, बल्ले के साथ उन्होंने मैच की आखिरी दो गेंद में छक्का और चौका लगाकर टीम को अपनी टीम को चैंपियन बनाया। इस सीजन जडेजा शानदार लय में रहे हैं और गेंदबाजी में उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। वह एकमात्र खिलाड़ी हैं, जिन्होंने आईपीएल में 150 से ज्यादा विकेट लिए हैं और 2000 से ज्यादा रन बनाए हैं।