रिवाबा गुजरात विधानसभा चुनाव में जामनगर उत्तर निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा का चेहरा हैं। हालांकि, पत्नी के लिए प्रचार के दौरान जडेजा फैन्स के निशाने पर आ गए और बुरी तरह ट्रोल हो गए हैं। दरअसल, जडेजा इन दिनों रोड शो कर रहे हैं। रोड शो के पोस्टर के लिए जडेजा की जिस तस्वीर का इस्तेमाल किया गया है, उसमें वह भारतीय टीम की जर्सी में हैं। इसको लेकर सोशल मीडिया पर जडेजा बुरी तरह ट्रोल हो गए।
जडेजा की पत्नी रिवाबा ने खुद ही ट्विटर पर भारतीय टीम की जर्सी में जडेजा के रोड शो वाला पोस्टर शेयर किया था, जिसे रवींद्र जडेजा ने री-ट्वीट किया था। यह रोड शो 23 नवंबर को होना था। रोड शो तो हुआ लेकिन जडेजा ट्रोल्स के हत्थे चढ़ गए। अब विपक्षी पार्टियां भी इस पर निशाना साध रही हैं। सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पोस्टर को शेयर कर जडेजा पर निशाना साधा है।
जडेजा एशिया कप के बाद से ही चोट की वजह से टीम से बाहर हैं। वह एशिया कप के दौरान ही चोटिल हो गए थे। साथ ही टी20 वर्ल्ड कप में भी टीम का हिस्सा नहीं रहे थे। अब बांग्लादेश के खिलाफ वनडे टीम में चुने जाने के बाद उन्हें फिट नहीं होने के कारण बाहर किया गया। भारत के बांग्लादेश दौरे की शुरुआत चार दिसंबर से हो रही है। पहले तीन वनडे खेले जाएंगे। इसके बाद 14 दिसंबर से टेस्ट सीरीज की शुरुआत होगी।