भारत को इस महीने दक्षिण अफ्रीका का दौरा करना है। 26 दिसंबर से पहला टेस्ट मैच खेला जाएगा। दौरे के लिए टेस्ट टीम का एलान हो गया है। टीम में रवींद्र जडेजा, शुभमन गिल और अक्षर पटेल चोट की वजह से इस दौरे से बाहर हो गए हैं। यह भारत के लिए बड़ा झटका है। पिछली कुछ जीतों में जडेजा और अक्षर का किरदार अहम रहा है।
तीनों खिलाड़ी चोटिल हैं
जडेजा और शुभमन चोटिल हैं। वहीं, अक्षर फिट नहीं हैं। जडेजा चोट की वजह से न्यूजीलैंड के खिलाफ मुंबई टेस्ट नहीं खेले थे। जडेजा घुटने में चोट (लिगामेंट टियर) की समस्या से जूझ रहे हैं। जडेजा अगर सर्जरी कराते हैं तो उन्हें इस चोट से उबरने में महीनों लग सकते हैं। वह अगले साल होने वाले आईपीएल से पहले ही फिट हो पाएंगे।
अक्षर को फिट होने में छह हफ्ते लग सकते हैं
वहीं, अक्षर स्ट्रेस रिएक्शन से जूझ रहे हैं। इसे ठीक होने में कम से कम छह हफ्ते का समय लगता है। अक्षर ने इसी साल टेस्ट में डेब्यू किया था। चयनकर्ताओं ने स्टैंडबाय के तौर पर सौरभ कुमार को चुना है। सौरभ फिलहाल भारतीय ए टीम के साथ दक्षिण अफ्रीकी दौरे पर हैं।
शुभमन मुंबई टेस्ट के दौरान चोटिल हुए
शुभमन को पिंडली में फिर से तकलीफ है। शुभमन इंग्लैंड दौरे पर भी इसी समस्या की वजह से नहीं खेले थे। मुंबई टेस्ट की दूसरी पारी के दौरान भी उन्हें वहीं चोट लगी थी। हालांकि, उन्होंने बल्लेबाजी की थी, लेकिन फील्डिंग के लिए नहीं आए थे। ओपनिंग की जिम्मेदारी रोहित शर्मा और केएल राहुल के ही कंधों पर होगी।
26 दिसंबर से शुरू हो रही है सीरीज
भारत को दक्षिण अफ्रीका में तीन टेस्ट और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है। पहला टेस्ट मैच सेंचूरियन में 26 दिसंबर से खेला जाएगा। वहीं, वनडे सीरीज की शुरुआत 19 जनवरी से होगी।
टेस्ट सीरीज की तारीख
पहला टेस्ट: 26 से 30 दिसंबर, 2021 (सेंचूरियन)
दूसरा टेस्ट: 3 से 7 जनवरी, 2022 (जोहानिसबर्ग)
तीसरा टेस्ट: 11 से 15 जनवरी, 2022 (केप टाउन)
वनडे सीरीज की तारीख
पहला वनडे: 19 जनवरी, 2022 (पार्ल)
दूसरा वनडे: 21 जनवरी, 2022 (पार्ल)
तीसरा वनडे: 23 जनवरी, 2022 (केप टाउन)