भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज के पहले मैच में रवींद्र जडेजा ने शानदार गेंदबाजी की और पांच विकेट अपने नाम किए। जडेजा के बेहतरीन प्रदर्शन के चलते टीम इंडिया ने कंगारू टीम को सिर्फ 177 रन पर रोक दिया। जडेजा ने इस पारी में 47 रन देकर पांच विकेट अपने नाम किए। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 11वीं बार एक पारी में पांच विकेट लेने का कारनाम किया। रवींद्र जडेजा पांच महीने बाद देश के लिए कोई मैच खेल रहे थे, लेकिन उनकी गेंदबाजी देखकर ऐसा नहीं लगा की वह चोट के कारण इतने लंबे समय तक मैच नहीं खेले हैं।
जडेजा ने रणजी ट्रॉफी में खेलकर अपनी फॉर्म और फिटनेस दोनों साबित की थी। अब उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में पांच विकेट लेकर टीम में फिर से अपनी जगह पक्की कर ली है।
रवींद्र जडेजा ने इस मैच में कुल 22 ओवर की गेंदबाजी की और आठ मेडन ओवर किए। हालांकि, उन्होंने तीन नो गेंद की और उन्हें इस कमजोरी पर काम करना होगा। दिन के दूसरे सत्र में लय पकड़ने वाले जडेजा ने पहले स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन के बीच 82 रन की साझेदारी तोड़ी। उन्होंने इस पारी में सबसे ज्यादा 49 रन बनाने वाला लाबुशेन को अपना पहला शिकार बनाया और अगली ही गेंद में मैट रेनशॉ को भी आउट कर दिया। हालांकि, वह अगले ओवर की पहली गेंद पर विकेट नहीं ले सके और हैट्रिक से चूक गए।