वहीं, भरत अरुण का मानना है कि ऑलराउंडर की भूमिका में रवींद्र जडेजा का आगे बढ़ना भारत के लिए बहुत बड़ा बोनस है। शुक्रवार को एक वर्चुअल कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा, 'जडेजा और रविचंद्रन अश्विन शानदार हैं। वो दुनिया के नंबर एक स्पिनर हैं, साथ ही जडेजा एक ऑलराउंडर के तौर पर आगे बढ़ रहा है जो कि देश के लिए फायदेमंद है।'
उन्होंने आगे कहा कि, जिस तरह से वो बल्लेबाजी कर रहा है, जडेजा हमारा सबसे संपूर्ण ऑलराउंडर है और ये भारत के लिए अच्छे संकेत हैं।' बता दें कि जडेजा ने दूसरे टेस्ट मैच में मिली जीत में अहम भूमिका निभाई थी। बाएं हाथ के बल्लेबाज जडेजा ने तीसरे टेस्ट मैच में भी 37 गेंदो पर 28 रनों की पारी खेली थी। चोट के चलते वह ब्रिस्बेन टेस्ट से बाहर हो गए थे।
कंगारू बल्लेबाजों के खिलाफ इस रणनीति के तहत की गई गेंदबाजी- भरत अरुण
इसके अलावा भरत अरुण ने बताया कि ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज हाल ही में खत्म हुई चार मैचों की टेस्ट सीरीज में भारतीय गेंदबाजों द्वारा की गई लेग-साइड (शरीर के आस-पास) गेंदबाजी के जाल में फंस गए, जिसकी योजना पिछले साल जुलाई में ही बननी शुरू हो गई थी।
उन्होंने कहा कि यह योजना टीम के मुख्य कोच रवि शास्त्री के दिमाग की उपज थी, जिस पर दौरा शुरू होने के चार महीने पहले ही काम शुरू हो गया था। तेज गेंदबाजों के साथ स्पिनरों ने भी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी की धुरी स्टीव स्मिथ और मार्नुस लाबुशेन को लेग में कैच पकड़ने के लिए क्षेत्ररक्षकों को लगाकर गेंदबाजी की और यह योजना काफी सफल रही। भारत ने ब्रिसबेन में खेले गए चौथे टेस्ट में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर श्रृंखला 2-1 से अपने नाम की।