बीसीसीआई डॉट टीवी पर अपलोड हुए 4 मिनट 11 सेकेंड के इस वीडियो की शुरुआत जीत के बाद खुशी मनाते भारतीय खिलाड़ियों की तस्वीरों से होती है। गले-मिलते एक दूसरे को प्रोत्साहित करते ये जांबाज हाथों में तिरंग थामे गाबा के चक्कर लगाते हैं। ट्रॉफी उठाए कप्तान रहाणे के चेहरे पर बड़ी सी मुस्कुराहट गदगद कर देती है। फिर 29वें सेकेंड से कोच शास्त्री टीम का मनोबल बढ़ाते हैं। शास्त्री कहते हैं 36 रन पर आउट होने के बाद यह अवास्तविक सा लगता है। यह जीत रातों-रात नहीं आई है, इस जज्बे के लिए हमने एक लंबा समय तय किया है। इस लम्हे का भरपूर आनंद लो, इसे ऐसे ही मत जाने दो। शास्त्री ने शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, ऋषभ पंत और कार्यवाहक कप्तान अजिंक्य रहाणे की दिलखोल तारीफ की। इस दौरान पूरा ड्रेसिंग रूम तालियों और सीटियों से गूंजता रहा।
शार्दुल ठाकुर और वाशिंगटन सुंदर
- फोटो : Social media
शास्त्री ने ऐतिहासिक श्रृंखला जीत में वाशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर और टी नटराजन जैसे नए खिलाडियों के योगदान की सराहना की। वाशिंगटन सुंदर नेट गेंदबाज के तौर पर आए थे, नटराजन नेट गेंदबाज थे, लेकिन उन्होंने बेहतरीन खेल दिखाया। सुंदर ने ऐसी बल्लेबाजी की जैसे कि उन्होंने पहले ही 20 टेस्ट खेल लिए हो। शार्दुल के साथ भी ऐसा ही है।' शास्त्री फिजियो की भी तारीफ करना नहीं भूले। पूरे दौरे में जिस तरह से खिलाड़ी चोटिल हो रहे थे, उसके मद्देनजर टीम के इस सपोर्ट स्टाफ का काम काफी बढ़ गया था।