फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रणजी अपडेट: उत्तर प्रदेश की पहली पारी 227 रन पर सिमटी

Sat, 15 Dec 2012 09:47 PM IST
लखनऊ/एजेंसी
विज्ञापन
विज्ञापन
मेजबान उत्तर प्रदेश और हरियाणा के बीच यहां खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी ग्रुप ‘बी’ मुकाबले का पहला दिन गेंदबाजों के नाम रहा। हरियाणा के मोहित शर्मा ने 47 रन पर पांच विकेट लेकर मेजबान टीम की पहली पारी का पुलिंदा 227 रनों पर बांध दिया। जवाब में हरियाणा ने दिन का खेल खत्म होने तक एक विकेट पर 33 रन बना लिए थे। उस समय राहुल दीवान 13 और सनी सिंह 10 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।
विज्ञापन


सुबह हरियाणा के कप्तान अमित मिश्रा ने टास जीतकर यूपी को पहले बल्लेबाजी के लिए कहा। यूपी की शुरुआत खराब रही और ओपनर तन्मय श्रीवास्तव (11), मुकुल डागर (38) और मोहम्मद कैफ (11) जल्दी आउट हो गए। कप्तान सुरेश रैना दुर्भाग्यशाली रहे और अर्धशतक से मात्र एक रन से चूक गए। तीन विकेट जल्दी गिर जाने के बाद अरीश आलम ने 52 और परविंदर सिंह ने 32 रन की पारी खेल टीम को 200 के पार पहुंचाया। उत्तर प्रदेश के अंतिम चार विकेट मात्र पांच ओवर में 17 रन जोड़कर गिरे।

महाराष्ट्र के बाद दिल्ली भी लड़खड़ाई
दिल्ली ने अपने तेज गेंदबाजों के दम पर ग्रुप ‘बी’ के करो या मरो के मुकाबले में महाराष्ट्र को 196 रन पर समेट दिया लेकिन दिन की समाप्ति तक उसने भी अपने तीन विकेट महज 60 रन पर गंवा दिए। युवा ओपनर उन्मुक्त चंद 12 रन बनाकर आउट हुए । स्टंप्स के समय मिथुन मन्हास 12 और वैभव रावल 16 रन बनाकर क्रीज पर थे। टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी महाराष्ट्र की शुरुआत खराब रही और उसके चार विकेट महज 37 रन पर गिर गए। ऐसे में अंकित बवने (58) और श्रीकांत मुंडे (42) ने सातवें विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी निभाई।
विज्ञापन


शुरुआती झटकों से उबरा हिमाचल प्रदेश
गोवा के खिलाफ ग्रुप ‘सी’ मैच के पहले अमित कुमार (73) और मुकेश शर्मा (76) ने हिमाचल प्रदेश को शुरुआती झटकों से उबार लिया। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 154 रन की साझेदारी की। स्टंप्स तक हिमाचल ने 5 विकेट पर 210 रन बनाए।

पंजाब के खिलाफ एमपी ने की ठोस शुरुआत
ओपनर जलज सक्सेना के 84 और देवेंद्र बुंदेला के नाबाद 92 रन की मदद से मध्य प्रदेश ने पंजाब के खिलाफ पांच विकेट पर 281 रन बनाकर ठोस शुरुआत की है। हालांकि मध्य प्रदेश का पहला विकेट नमन ओझा के रूप में 13 रन पर ही गिर गया लेकिन सक्सेना ने रमीज खान (25) के साथ दूसरे विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी कर टीम को संभाल लिया। स्टंप्स के समय अमित के साथ राहुल बख्शी 34 रन बनाकर खेल रहे थे। दोनों पांचवें विकेट के लिए अब तक 82 रन जोड़ चुके हैं।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें