कर्नाटक और यूपी के बीच भामाशाह पार्क में चल रहा रणजी मैच ड्रा हो गया। चौथे दिन कर्नाटक ने आठ विकेट पर 274 रन बनाए। यूपी को तीन और कर्नाटक को एक अंक मिला। यूपी के ऑलराउंडर भुवनेश्वर कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
चौथे दिन कप्तान सुरेश रैना ने अपने बल्लेबाजों को मैदान पर नहीं उतारा और 445 रन की बढ़त के साथ ही पारी घोषित कर दी। भुवनेश्वर ने अपने चौथे ओवर की पहली गेंद पर उथप्पा को बोल्ड कर कर्नाटक के खेमे में खलबली मचा दी। दूसरे छोर से अंकित ने केबी पवन को विकेट के पीछे कैच करा दूसरा झटका दिया। इसके बाद गणेश सतीश और मनीष पांडे ने सूझबूझ के साथ बल्लेबाजी करते हुए 122 रन की साझेदारी की।
अंकित ने फुर्ती दिखाते हुए मनीष पांडे को रनआउट किया। मनीष ने 8 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 76 रन बनाए। गणेश सतीश 11 चौकों की मदद से 70 रन बनाकर भुवनेश्वर का शिकार बने। चाय के बाद नई गेंद से भुवनेश्वर का करिश्मा फिर चला। भुवनेश्वर ने 20वें ओवर में के. गौतम और रॉनित मोरे को बोल्ड कर दिया। इसके बाद सीएम गौतम 109 गेंदों पर 26 और केबी अपन्ना 40 गेंदों पर चार रन बनाकर पूरे दिन क्रीज पर डटे रहे। इस तरह मैच बेनतीजा रहा।
संक्षिप्त स्कोर बोर्ड
यूपी पहली पारी 283 रन, कर्नाटक पहली पारी 181 रन, यूपी दूसरी पारी 343/5, कर्नाटक दूसरी पारी 274/8
ड्रा मैच में आंध्र प्रदेश को तीन अंक
आंध्र प्रदेश और हिमाचल प्रदेश के बीच ग्रुप ‘सी’ मैच ड्रा रहा। आंध्र को तीन अंक मिले जबकि हिमाचल को एक अंक से संतोष करना पड़ा। पहली पारी में 372 और दूसरी पारी में 282 रन बनाने वाले आंध्र प्रदेश ने हिमाचल के सामने 389 रन का विशाल लक्ष्य रखा। लेकिन हिमाचल मैच के आखिरी दिन चार विकेट पर 108 रन ही बना सकी। हिमाचल ने पहली पारी में भी सिर्फ 265 रन बनाए थे।
उड़ीसा ने हरियाणा को चार विकेट से हराया
गोविंद पोद्दर के शानदार पचासे से उड़ीसा ने मेजबान हरियाणा को ग्रुप ‘बी’ मैच में चार विकेट से शिकस्त दी। पहली पारी में 153 रन की बढ़त बनाने वाली उड़ीसा को जीत के लिए 148 रन का लक्ष्य मिला। उड़ीसा ने छह विकेट पर 152 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। गोविंद ने 120 गेंदों में सात चौकों के साथ 51 रन की पारी खेली। हरियाणा ने पहली पारी में 66 जबकि दूसरी पारी में 300 रन बनाssए थे।
‘टीम इंडिया में खेलने के काबिल भुवनेश्वर’
उप्र क्रिकेट रणजी चीफ सेलेक्टर गोपाल शर्मा का कहना है कि दिसंबर में पाकिस्तान और इंडिया के बीच होने वाली सीरीज के लिए भुवनेश्वर कुमार का टीम इंडिया में चयन हो सकता है। मेरठ के गंगानगर निवासी भुवनेश्वर ने गेंदबाजी और बल्लेबाजी में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर यूपीसीए ही नहीं, बीसीसीआई चयनकर्ताओं का भी ध्यान खींचा है। रणजी मैच समाप्त होने के बाद गोपाल शर्मा ने अमर उजाला से बातचीत में कहा कि भुवनेश्वर ने नॉर्थ जोन के खिलाफ शतक लगाया और कई विकेट चटकाए। कर्नाटक के खिलाफ भी दो पारियों में नौ विकेट लिए और 36 व 91 रन की जुझारू पारी खेली। वर्तमान में भुवनेश्वर से अच्छा ऑलराउंडर किसी राज्य में नहीं है।
भाटिया-मन्हास के शतक से दिल्ली बराबरी पर
रजत भाटिया के नाबाद शतक से मेजबान दिल्ली ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप ‘बी’ में बड़ौदा के साथ मैच ड्रा खेला। बड़ौदा ने दिल्ली के खिलाफ पहली पारी में 561 रन बनाए थे। जवाब में दिल्ली ने अपनी पहली पारी में छह विकेट पर 505 रन बनाए। दिल्ली ने मैच के चौथे दिन पहली पारी 215 रन पर तीन विकेट से आगे बढ़ाई। मिथुन मन्हास और रजत भाटिया ने चौथे विकेट के लिए 133 रन की साझेदारी निभाई। मन्हास ने 241 गेंदों में 15 चौकों के साथ 106 रन बनाई। भाटिया ने सातवें विकेट के लिए समीत नरवाल के साथ नाबाद 107 रन जोड़े। भाटिया ने 282 गेंदों में 13 चौकों और एक छक्के के साथ 133 जबकि नरवाल ने नौ चौकों और चार छक्कों के साथ 65 रन बनाई। दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला।