शीर्षक्रम के बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन से झारखंड के खिलाफ पहली पारी में बढ़त लेकर पंजाब ने रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। झारखंड ने पहली पारी में 401 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया लेकिन पंजाब ने जीवनजोत सिंह के 131, तरुवर कोहली के नाबाद 151 और मनदीप सिंह के 96 रन की पारी से मैच के चौथे दिन तीन विकेट पर 435 रन बनाकर अंतिम चार में प्रवेश कर लिया। पंजाब के लिए जीवनजोत ने पहले विकेट के लिए राव इंदर के सिंह के साथ 75, तरुवर कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 156 और फिर तरुवर तथा मंदीप ने चौथे विकेट के लिए 204 रन की साझेदारी कर झारखंड को पस्त कर दिया। झारखंड की ओर से शाहबाज नदीम ने सर्वाधिक दो विकेट लिए।
पुजारा का आतिशी दोहरा शतक
भारतीय वन-डे टीम में जगह बना चुके चेतेश्वर पुजारा ने कर्नाटक के खिलाफ 275 गेंदों में 40 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 261 रन बनाकर सौराष्ट्र को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया। सौराष्ट्र ने पहली पारी में 469 रन बनाए थे जिसके जवाब में कर्नाटक की पारी 396 रन पर सिमट गई थी। दूसरी पारी में चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक सौराष्ट्र ने तीन विकेट पर 463 रन बना लिए थे। इस तरह उसकी कुल बढ़त 536 रन की हो चुकी है। सागर जोगियानी 70 रन बनाकर आउट हुए जबकि शेल्डन जैक्सन 70 रन बनाकर पुजारा का भरपूर साथ निभा रहे हैं। दोनों चौथे विकेट के लिए अब तक 243 रन जोड़ चुके हैं।
मुंबई भी अंतिम चार में
बड़ौदा के खिलाफ मैच के चौथे दिन 545 रन की विशाल बढ़त लेकर मुंबई ने भी सेमिफाइनल का टिकट कटा लिया। सचिन तेंदुलकर, वसीम जाकर और अभिषेक नायर के शानदार शतकों से मुंबई ने पहली पारी नौ विकेट पर 645 रन बनाकर घोषित कर दी थी। जवाब में बड़ौदा की पूरी टीम 271 रन पर सिमट गई। अंबाती रायडू ने सर्वाधिक नाबाद 89 रन बनाए। जवाब में दूसरी पारी में मुंबई ने दिन का खेल समाप्त होने तक एक विकेट पर 171 रन बनाए लिए हैं। स्टंप्स के समय कौस्तुभ पवार 70 और हिकेन शाह 65 रन बनाकर खेल रहे थे। वसीम जाफर 33 रन बनाकर आउट हुए।