भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा की घरेलू क्रिकेट में वापसी कुछ खास नहीं रही है। वह महज तीन रन बनाकर पवेलियन लौट गए। जम्मू और कश्मीर के गेंदबाज उमर नजीर ने उन्हें अपना शिकार बनाया। पहले दिन का खेल समाप्त होने के बाद 31 वर्षीय गेंदबाज ने बताया कि हिटमैन को पवेलियन की राह दिखाने के बाद उन्होंने जश्न क्यों नहीं मनाया।
उमर ने लिए कुल चार विकेट
रणजी ट्रॉफी में ग्रुप ए के इस मुकाबले में सभी की नजरें रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल और शिवम दुबे की वापसी पर थीं, लेकिन 31 वर्षीय गेंदबाज उमर नजीर ने अपनी खतरनाक गेंदबाजी का मुजायरा पेश करते हुए दिग्गजों को पवेलियन लौटने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने कुल चार विकेट लिए। इनमें रोहित शर्मा, हार्दिक तमोरे, अजिंक्य रहाणे और शिवम दुबे शामिल हैं।
क्यों नहीं मनाया जश्न
पहले दिन का खेल समाप्त होने के बाद उमर नजीर ने कहा- 'मेरे दिमाग में पहला विचार यह था... मैं रोहित का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं और इसलिए मैंने आज उनका विकेट लेने के बाद जश्न नहीं मनाया। अगर हम यह मैच जीतते हैं तो यह गर्व का क्षण होगा क्योंकि भारत का कप्तान विपक्षी टीम में खेल रहा है।' उन्होंने आगे कहा- 'एक अच्छी गेंद किसी भी खिलाड़ी के सामने अच्छी गेंद ही होती है। रोहित शर्मा का विकेट हासिल करना बड़ी उपलब्धि है, मैं खुश हूं।'
2015 के बाद पहली बार रणजी मैच खेल रहे रोहित
न्यूजीलैंड के खिलाफ घर में तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में रोहित का बल्ला खामोश रहा था और वह छह पारियों में महज 93 रन बना सके थे। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वह पांच पारियों में महज 31 रन बना सके थे। ऐसे में रोहित ने चैंपियंस ट्रॉफी से पहले फॉर्म में वापसी के लिए रणजी में खेलने का फैसला लिया। नवंबर 2015 के बाद वह पहली बार कोई रणजी मैच खेलने उतरे, लेकिन यहां पर भी फ्लॉप रहे। अब उनसे दूसरी पारी में रन की उम्मीद होगी।