कौशिक घोष के साथ शतक और सलामी बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन के साथ उनकी शतकीय साझेदारी से बंगाल ने रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप बी बीच मैच के पहले दिन सोमवार को यहां मध्य प्रदेश के खिलाफ चार विकेट पर 246 रन बनाए।
घोष ने 189 गेंद में 14 चौकों की मदद से 100 रन की पारी खेलने के अलावा अभिमन्यु (86) के साथ दूसरे विकेट के लिए 136 रन की साझेदारी भी की। अभिमन्यु ने 173 गेंद की अपनी पारी में 11 चौके और एक छक्का मारा।
तेज गेंदबाज कुलदीप सेन ने अभिमन्यु को कप्तान प्रज्ञान ओझा के हाथों कैच कराके इस साझेदारी को तोड़ा। घोष भी अपने पांचवें प्रथम श्रेणी मैच में दूसरा शतक पूरा करने के बाद अंकित शर्मा की गेंद पर ओझा को ही कैच दे बैठे।
दिन का खेल खत्म होने पर कप्तान मनोज तिवारी 31 जबकि अनुस्तुप मजूमदार सात रन बनाकर खेल रहे थे।
ध्रुव शोरे और हितेन दलाल के अर्धशतकों की मदद से दिल्ली ने रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप बी के अपने पहले मैच में सोमवार को यहां हिमाचल प्रदेश के खिलाफ शुरुआती दिन आठ विकेट पर 305 रन बनाए।
दिल्ली के कप्तान नितीश राणा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। अनुभवी गौतम गंभीर (46) और दलाल (79) ने पहले विकेट के लिए 96 रन जोड़कर टीम को अच्छी शुरुआत दिलायी। इसके बाद दलाल ने शोरे (88) के साथ दूसरे विकेट के लिए 66 रन जोड़े लेकिन 34 रन के अंदर तीन महत्वपूर्ण विकेट गंवाने से दिल्ली की प्रगति प्रभावित हुई।
प्रशांत चोपड़ा ने दलाल को बोल्ड किया जिसके बाद राणा (छह) और हिम्मत सिंह (10) भी ज्यादा देर तक नहीं टिक पाए। शोरे और विकेटकीपर अनुज रावत (28) ने पांचवें विकेट के लिए 56 रन की साझेदारी की लेकिन इसके बाद टीम ने 40 रन के अंदर चार विकेट गंवा दिए। इनमें ललित यादव ने 26 रन बनाये। स्टंप उखड़ने के समय वरूण सूद 14 और विकास मिश्रा पांच रन पर खेल रहे थे।
हिमाचल की तरफ से मयंक डागर ने 57 रन देकर तीन जबकि ऋषि धवन और गुरजिंदर सिंह ने दो-दो विकेट लिए हैं।
अंकित राजपूत और यश दयाल के तीन-तीन विकेट की मदद से उत्तर प्रदेश ने रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप सी क्रिकेट मैच के पहले दिन सोमवार को यहां ओडिशा को 256 रन पर आउट कर दिया।
उत्तर प्रदेश ने इसके जवाब में पहले दिन का खेल समाप्त होने तक एक विकेट पर 42 रन बनाए हैं और वह ओडिशा से 214 रन पीछे है। स्टंप उखड़ने के समय माधव कौशिक 16 और मोहम्मद सैफ 24 रन पर खेल रहे थे।
पहले बल्लेबाजी का न्यौता पाने वाले ओडिशा की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने बाद में भी नियमित अंतराल में विकेट गंवाए। ओडिशा की तरफ से शुभ्रांशु सेनापति (87), सुजीत लेंका (46) और गोविंद पोद्दार (39) ही टिककर खेल पाए।
उत्तर प्रदेश की तरफ से राजपूत ने 61 और दयाल ने 62 रन देकर तीन-तीन विकेट लिये। अक्षदीप नाथ और सौरभ कुमार को भी दो-दो विकेट मिले।
अजय यादव और राहुल शुक्ला की तूफानी गेंदबाजी से झारखंड ने रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप सी मैच के पहले दिन सोमवार को यहां हरियाणा को 81 रन पर समेटने के बाद छह विकेट पर 120 रन बनाकर बढ़त हासिल की।
अजय (24 रन पर चार विकेट), शुक्ला (24 रन पर तीन विकेट) और वरूण आरोन (21 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने हरियाणा ने अपने अंतिम आठ विकेट सिर्फ 30 रन जोड़कर गंवाए।
मेजबान टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज शुभम रोहिल्ला (36) और हिमांशु राणा (25) ही दोहरे अंक में पहुंच पाए।
इसके जवाब में झारखंड ने लगभग सभी बल्लेबाज दोहरे अंक तक पहुंचे लेकिन इसके बावजूद टीम ने 120 रन तक छह विकेट गंवा दिए। झारखंड को 39 रन की बढ़त हासिल है जबकि उसके सिर्फ चार विकेट शेष हैं।
दिन का खेल खत्म होने पर कप्तान इशान किशन 23 जबकि अनुकूल राय 22 रन बनाकर खेल रहे थे।
हरियाणा की ओर से आशीष हुड्डा चार जबकि पुनीश मेहता दो विकेट चटका चुके हैं।
तनवीर उल हक और अनिकेत चौधरी की शानदार गेंदबाजी से राजस्थान ने सोमवार को यहां रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप सी मैच में सेना को पहली पारी में 228 रन ही बनाने दिए।
तनवीर ने 61 रन देकर चार, चौधरी ने 59 रन देकर तीन और नाथू सिंह ने 49 रन देकर तीन विकेट लिए और सेना का पहले बल्लेबाजी का फैसला गलत साबित करने में कसर नहीं छोड़ी।
सेना की तरफ से सलामी बल्लेबाज अंशुल गुप्ता ने 54 और मध्यक्रम के बल्लेबाज विकास हथवाला ने 49 रन बनाए।
राजस्थान ने इसके जवाब में पहले दिन का खेल समाप्त होने तक एक विकेट पर 45 रन बनाए हैं और वह सेना से 183 रन पीछे है। स्टंप उखड़ने के समय चेतन बिष्ट 22 और कप्तान महिपाल लोमरोर 15 रन पर खेल रहे थे।
शीर्ष क्रम के चार बल्लेबाज जल्दी गंवाने के बाद सौराष्ट्र की रेलवे के खिलाफ रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप ए मैच में पहली पारी में बढ़त हासिल करने के लिए अब आलराउंडर रविंद्र जडेजा पर उम्मीदें टिकी हैं।
रविंद्र जडेजा ने पहले गेंदबाजी में कमाल दिखाया तथा 58 रन देकर चार विकेट लिए। कमलेश मकवाना ने तीन और धर्मेन्द्रसिंह जडेजा ने दो विकेट लेकर उनका अच्छा साथ दिया जिससे सौराष्ट्र ने रेलवे को 200 रन पर आउट कर दिया।
लेकिन इसके बाद सौराष्ट्र का भी शीर्ष क्रम लड़खड़ा गया और उसने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक चार विकेट पर 82 रन बनाये हैं। वह रेलवे से 118 रन पीछे है।
अनुरीत सिंह और अविनाश यादव ने दो . दो विकेट लेकर उसका स्कोर चार विकेट पर 32 रन कर दिया। रविंद्र जडेजा ने जिम्मेदारी संभाली। वह अभी 33 रन बनाकर खेल रहे हैं जबकि उनके साथ दूसरे छोर पर कप्तान जयदेव शाह 19 रन पर खेल रहे हैं।
इससे पहले रेलवे की तरफ से महेश रावत ने सर्वाधिक 46 रन बनाये जबकि आशीष सिंह ने 45 और फैज अहमद ने 38 रन का योगदान दिया।
कप्तान अक्षत रेड्डी के नाबाद 114 रन की मदद से हैदराबाद ने तमिलनाडु के खिलाफ रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप बी मैच के पहले दिन सोमवार को यहां तीन विकेट पर 249 रन बनाए।
हैदराबाद ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। अक्षत ने शुरू से एक छोर संभाले रखा। इस बीच हैदराबाद ने तन्मय अग्रवाल (10), के रोहित रायुडु (13) और हिमालय अग्रवाल (29) के विकेट गंवाये।
आखिर में बी संदीप (नाबाद 74) के रूप में अक्षत को अच्छा सहयोगी मिला। ये दोनों अब तक चौथे विकेट के लिये 136 रन जोड़ चुके हैं। अक्षत ने अपनी पारी में 14 चौके और एक छक्का जबकि संदीप ने दस चौके और एक छक्का लगाया है।