कप्तान आयुष बदोनी के कैरियर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (69 रन देकर पांच विकेट) की मदद से दिल्ली ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप डी के मैच के तीसरे दिन हैदराबाद को दबाव में ला दिया। दिल्ली के पहली पारी के चार विकेट पर 529 रन (पारी घोषित) के जवाब में हैदराबाद ने दिन की आखिरी गेंद पर सीनियर बल्लेबाज रोहित रायुडू का विकेट गंवा दिया। तीसरे दिन का खेल समाप्त होने पर हैदराबाद का स्कोर सात विकेट पर 400 रन था। हैदराबाद को पहली पारी में बढ़त बनाने के लिए 130 रन की जरूरत है लेकिन उसके विकेटकीपर बल्लेबाज राहुल राडेश (नाबाद 41) के अलावा पुछल्ले बल्लेबाज ही बाकी हैं।
श्रेयस के बेहतरीन प्रदर्शन के बावजूद सौराष्ट्र का पलड़ा भारी
कर्नाटक के लेग स्पिनर श्रेयस गोपाल के आठ विकेट के बावजूद चेतन सकारिया (72 गेंद में 29 रन) और युवराज सिंह डोडिया (नाबाद 13) के बीच आखिरी विकेट के लिए 34 की साझेदारी के दम पर सौराष्ट्र ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप बी मैच के तीसरे दिन शुक्रवार को पहली पारी में चार रन की बढ़त हासिल कर ली। सौराष्ट्र ने बीते दिन के स्कोर चार विकेट पर 200 रन से आगे खेलते हुए श्रेयस (110 रन पर आठ विकेट) की शानदार गेंदबाजी के सामने 342 रन तक नौ विकेट गंवा दिए थे लेकिन सकारिया और डोडिया ने शानदार साझेदारी कर टीम को पहली पारी में चार रन की बढ़त दिला दी।
बंगाल 323 रन पर ऑलआउट
देवेंद्र सिंह बोरा के छह विकेट के बाद प्रशांत चोपड़ा और कप्तान कुणाल चंदेला की अगुआई में संयमित बल्लेबाजी की बदौलत उत्तराखंड ने बंगाल के खिलाफ रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी मुकाबले के तीसरे दिन जोरदार वापसी की। बंगाल की टीम ने सुबह छह विकेट पर 274 रन से आगे खेलना शुरू किया लेकिन बोरा के शानदार प्रदर्शन से पहली पारी में 323 रन पर सिमट गई। बोरा ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 79 रन देकर छह विकेट लिए।
जम्मू कश्मीर को आखिरी दिन बनाने होंगे 222 रन
जम्मू कश्मीर को सितारों से सजी मुंबई टीम के खिलाफ जीत के लिए आखिरी दिन 222 रन बनाने होंगे। मुंबई ने पहली पारी में 61 रन की बढत से शुरुआत की लेकिन दूसरी पारी में पूरी टीम 181 रन पर आउट हो गई। तीसरे दिन का खेल समाप्त होने पर जम्मू कश्मीर ने जीत के लिए 243 रन के लक्ष्य के जवाब में एक विकेट पर 21 रन बना लिए थे।