अवेश खान (5/52) की उम्दा गेंदबाजी से मध्य प्रदेश ने रणजी के पहले दिन मेजबान हिमाचल प्रदेश की पारी 175 रन पर समेट दी। जवाब में दिन का खेल खत्म होने तक मध्य प्रदेश ने भी 87 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे। रमीज खान 36 और वेंकटेश अय्यर चार रन बनाकर क्रीज पर थे। मेहमान टीम अभी 88 रन पीछे है जबकि उसके छह विकेट शेष हैं। पंकज जयसवाल ने दो विकेट लिए।
पहले बल्लेबाजी करते हुए हिमाचल का कोई भी बल्लेबाज अर्द्धशतक नहीं जड़ सका और पूरी टीम 51 ओवर में पवेलियन लौट गई। आकाश वशिष्ठ ने 33, प्रियांशु खंडूरी ने 31 और अंकुश बैंस ने 27 रन की पारी खेली। एमपी के लिए ईश्वर पांडे ने तीन और अय्यर ने दो विकेट लिए।
जेएंडके खिलाफ सौरभ ने संभाला मोर्चा
कप्तान सौरभ तिवारी के नाबाद 43 रनों की मदद से झारखंड ने जम्मू एंड कश्मीर के खिलाफ चार विकेट पर 170 रन बनाए थे। स्टंप के समय तिवारी के साथ विराट सिंह नौ रन बनाकर क्रीज पर थे। कुमार देवव्रत (35) और नजिम सद्दिकी (33) ने पहले विकेट के लिए 71 रन जोड़कर झारखंड को शानदार शुरुआत दिलाई। लेकिन अबिद मुश्ताक (3/24) ने इन दोनों को सात रन के भीतर आउट कर जेएंडके को वापसी दिलाई। उत्कर्ष सिंह ने (28) भी सस्ते में पवेलियन लौट गए।