शांतनु मिश्रा के नाबाद शतक से ओडिशा ने मंगलवार को रणजी ट्रॉफी में उतर प्रदेश के खिलाफ पहली पारी में पांच विकेट पर 222 रन बनाए। शांतनु ने 218 गेंद में नाबाद 107 रन की पारी खेली। उन्होंने इस दौरान 14 चौके लगाए। अन्य शीर्ष क्रम और मध्य क्रम के बल्लेबाज सस्ते में आउट हो गए। एक समय ओडिशा का स्कोर 20 रन पर चार विकेट था, लेकिन शांतनु ने राजेश धुपर के साथ पांचवें विकेट के लिए 127 रन की साझेदारी करके टीम की पारी को संभाला।
राजेश धुपर (62) अर्धशतक लगाकर पवेलियन लौट गए। पहले दिन का खेल खत्म होने के समय शांतनु का साथ अभिषेक रावत 43 रन बनाकर निभा रहे थे। उत्तर प्रदेश के लिए कार्तिकेय और कुणाल यादव ने दो-दो विकेट चटकाए, जबकि एक विकेट सौरभ कुमार को मिला।
हरियाणा के खिलाफ अनुस्तुप मजूमदार ने जड़ा सैकड़ा
बंगाल के बल्लेबाज अनुस्तुप मजूमदार (नाबाद 137 रन, 193 गेंद, 14 चौके) ने हरियाणा के खिलाफ शतक जड़ दिया। उनकी शतक के दम पर बंगाल ने पहले दिन का खेल खत्म होने पर छह विकेट पर 335 रन बनाए। मजूमदार का साथ प्रदीप्ता प्रामाणिक (नाबाद 23) निभा रहे थे। हरियाणा के लिए अजीत चहल, अमन कुमार और सुमित कुमार को एक-एक विकेट हासिल हुआ।
अनमोलप्रीत और नेहाल ने मध्य प्रदेश के खिलाफ लगाए शतक
अनमोलप्रीत सिंह (124) और नेहाल वाधेरा (नाबाद 123) के शतकों के दम पर पंजाब ने मध्य प्रदेश के खिलाफ पांच विकेट पर 302 रन बनाए। पहले दिन का खेल खत्म होन के समय नेहाल का साथ अनमोल मल्होत्रा (नाबाद 04) दे रहे थे। मध्य प्रदेश के लिए गौरव यादव और आवेश खान ने दो-दो विकेट चटकए।