दरअसल, आईपीएल 2022 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के लिए खेलने वाले रजत पाटीदार ने अपनी टीम के लिए विजयी रन बनाए। उनके ऐसा करते ही स्टेडियम में आरसीबी-आरसीबी के नारे लगने लगे। रजत ने आईपीएल 2022 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए शानदार प्रदर्शन किया था। नॉकआउट राउंड में उन्होंने लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ शतक भी लगाया था।
चैंपियन मध्य प्रदेश की टीम
- फोटो : सोशल मीडिया
रजत ने उसी फॉर्म को रणजी में भी जारी रखा और फाइनल में मुंबई के खिलाफ भी शतक जमाया। इसके वीडियो को बीसीसीआई ने ट्विटर पर शेयर भी किया है। बोर्ड ने इसके कैप्शन में लिखा- ''क्या शानदार जीत थी! मध्य प्रदेश ने मुंबई को 6 विकेट से हराया और अपना पहला रणजी ट्रॉफी खिताब जीता।''
जीत के बाद मध्य प्रदेश के बाकी खिलाड़ी क्रीज पर मौजूद रजत और आदित्य के ऊपर कूद गए और जश्न मनाते नजर आए। वहीं, मध्य प्रदेश टीम के कोच चंद्रकांत पंडित भावुक दिखे और बाद में टीम ने उन्हें अपने कंधों पर उठा लिया। 108 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मध्य प्रदेश की टीम के लिए रजत ने नाबाद 30 रन की पारी खेली। वहीं, कप्तान आदित्य श्रीवास्तव एक रन बनाकर नाबाद रहे।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की टीम के लिए सरफराज खान ने 134 रनों की पारी खेली। इस पारी की बदौलत मुंबई ने 374 रन का स्कोर बनाया। जवाब में मध्य प्रदेश की टीम ने यश दुबे (133), शुभम शर्मा (116) और पाटीदार (122) के शतकों की बदौलत पहली पारी में 539 रन का स्कोर बनाया और 162 रन की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में मुंबई की टीम 269 रन ही बना सकी और इस तरह मध्य प्रदेश को 108 रन का लक्ष्य मिला था।