मुंबई ने बुधवार को रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप डी मैच में हिमाचल प्रदेश को पारी और 97 रन से हराकर बोनस अंक के साथ लगातार दूसरी जीत दर्ज की। रणजी ट्रॉफी के दूसरे दौर के मुकाबले में कई मैच ड्रॉ पर समाप्त हुए, लेकिन मुंबई और पंजाब ने जीत दर्ज की।
आइए जानते हैं रणजी ट्रॉफी में किस टीम को जीत मिली, जबकि कौन-कौन से मैच ड्रॉ पर समाप्त हुए...
मुंबई टीम
- फोटो : PTI
मुंबई शीर्ष पर
पहली पारी आठ विकेट पर 528 रन पर घोषित करने के बाद मुंबई ने पहली पारी में हिमाचल को 140 रन पर ढेर करके फॉलोऑन के लिए मजबूर किया और फिर दूसरी पारी में भी टीम को 291 रन पर ढेर करके आसान जीत दर्ज की। दूसरी पारी में मुंबई की ओर से तेज गेंदबाज मोहित अवस्थी ने 44 रन देकर पांच विकेट चटकाए, जबकि तुषार देशपांडे और शम्स मुलानी को दो-दो विकेट मिले। तेज गेंदबाज सिलवेस्टर डिसूजा ने एक विकेट हासिल किया।
हिमाचल की ओर से कप्तान पुखराज मान ने 50 जबकि वैभव काल्ता ने 63 रन का योगदान दिया। हिमाचल की टीम अंतिम दिन तीन विकेट पर 144 रन से आगे खेलने उतरी जिसके बाद मान और काल्ता ने अर्धशतक पूरे किए। पहले मैच में चंडीगढ़ को पारी और 155 रन से हराने वाली मुंबई की टीम दो मैच में 14 अंक के साथ तालिका में शीर्ष पर है।
राजस्थान ने रेलवे से खेला ड्रॉ
जयपुर में मेजबान राजस्थान को रेलवे ने ड्रॉ पर रोका। राजस्थान ने हालांकि पहली पारी की बढ़त के आधार पर तीन अंक हासिल किए। राजस्थान ने पहली पारी में 497 रन बनाए थे और फिर रेलवे को 338 रन पर समेटकर 159 रन की बढ़त के आधार पर मेहमान टीम को फॉलोआन दिया। रेलवे ने जब दूसरी पारी में दो विकेट पर 174 रन बनाए थे जब मैच ड्रॉ घोषित किया गया। दूसरी पारी में रेलवे के लिए मोहम्मद सैफ ने नाबाद 103 जबकि ईशान गोयल ने नाबाद 57 रन बनाए। इससे पहले ग्रुप के अन्य मुकाबलों में तमिलनाडु ने उत्तराखंड को पारी और 66 रन जबकि हरियाणा ने चंडीगढ़ को पारी और 24 रन से हराया।
रणजी ट्रॉफी
- फोटो : PTI
पंजाब की जीत में चमके हरजस, एमनजोत
स्पिनर हरजस सिंह और एमनजोत सिंह के तीन तीन विकेट की मदद से पंजाब ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप बी के मैच में बुधवार को छत्तीसगढ को सात विकेट से हराया। पहली पारी में 456 रन बनाने के बाद पंजाब ने छत्तीसगढ को 206 रन पर आउट करके फॉलोआन खेलने पर मजबूर किया। छत्तीसगढ ने दूसरी पारी में 335 रन बनाए जिससे पंजाब को जीत के लिए 86 रन का लक्ष्य मिला। छत्तीसगढ के लिए आयुष पांडे ने 252 गेंद में 111 रन बनाए, जबकि अमनदीप खरे भी अर्धशतक जमाकर रिटायर्ड हर्ट हुए। दोनो ने चौथे विकेट के लिए 122 रन की साझेदारी की।
पंजाब के लिए हरजस ने 92 रन देकर और एमनजोत ने 43 रन देकर तीन तीन विकेट लिए। पंजाब ने 16.5 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। दूसरी पारी में भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल ने बल्लेबाजी नहीं की। पहली पारी में उन्होंने एक रन बनाया था।
केरल ने ओडिशा को पारी और 36 रन से हराया
अनुभवी ऑलराउंडर जलज सक्सेना ने दूसरी पारी में पांच विकेट लेकर फॉलोऑन खेल रहे ओडिशा को 143 रन पर समेट दिया जिससे केरल ने बुधवार को रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप सी मुकाबले में पारी और 36 रन से जीत दर्ज की। इस जीत से केरल अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गया। बंगाल लगातार दूसरी जीत के साथ शीर्ष पर है और उसके खाते में 12 अंक हैं। फॉलोऑन खेलते हुए दूसरी पारी में बुधवार को चार विकेट पर 102 रन से आगे खेलने उतरी ओडिशा की टीम ने अपने बाकी छह विकेट महज 41 रन के भीतर गंवा दिए। उसकी पूरी टीम 58.3 ओवर में 143 रन पर आउट हो गई। इसके साथ ही केरल ने चौथे और अंतिम दिन दूसरे सत्र में ही जीत हासिल कर ली। सक्सेना ने 34 रन देकर पांच विकेट लिए।
दिल्ली-गुजरात का मैच ड्रॉ
दिल्ली ने गुजरात के खिलाफ मुकाबला ड्रॉ कराया और तीन अंक हासिल किए। दिल्ली ने आयुष बडोनी के 217 और प्रियांश आर्य के 199 रन की मदद से पहली पारी छह विकेट पर 648 रन बनाकर घोषित की थी। इसके जवाब में गुजरात की टीम पहली पारी में 479 रन पर आउट हो गई। फॉलोऑन खेलने के बाद गुजरात ने दूसरी पारी में आठ ओवर में एक विकेट पर 15 रन बनाए। आर्य को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
अंतिम दिन पहली पारी में पांच विकेट पर 363 रन से आगे खेलने उतरी गुजरात की टीम ने 116 रन और जोड़कर बाकी बचे पांच विकेट गंवा दिए। दिल्ली के लिए ऋतिक शौकीन सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 143 रन देकर पांच विकेट लिए,जबकि सुमित माथुर ने दो विकेट हासिल किए। आठ टीम की अंक तालिका में दिल्ली छठे स्थान पर है।