तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे की शानदार गेंदबाजी के दम पर मुंबई ने रणजी ट्रॉफी के ग्रुप डी मुकाबले के दूसरे दिन सोमवार को चंडीगढ़ को पहली पारी में महज 78 रन पर समेट दिया। पहली पारी में 429 रन का मजबूत स्कोर खड़ा करने वाले मुंबई ने 351 रन की बढ़त हासिल करने के बाद चंडीगढ़ को फॉलोऑन खेलने पर मजबूर कर दिया। मुंबई ने दिन की शुरुआत पांच विकेट पर 249 रन से की और निचले क्रम के बल्लेबाजों के उपयोगी योगदान की बदौलत पहली पारी में 136.5 ओवर में 429 रन बनाए। इससे टीम ने मुकाबले में अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर ली।
रणजी ट्रॉफी
- फोटो : PTI
देशपांडे के दम पर मुंबई ने कसा शिकंजा
इसके जवाब में चंडीगढ़ की बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई। टीम ने महज 29 रन तक अपने छह विकेट गंवा दिए और वानखेड़े स्टेडियम में उसकी पहली पारी 19.1 ओवर में 78 रन पर सिमट गई। देशपांडे ने सात ओवर में 17 रन देकर पांच विकेट झटके और मुंबई की गेंदबाजी की अगुआई की। मोहित अवस्थी ने छह ओवर में नौ रन देकर तीन विकेट हासिल किए, जबकि सिल्वेस्टर डिसूजा को दो विकेट मिले। उन्होंने हालांकि 51 रन खर्च किए।
चंडीगढ़ की ओर से निशुंक बिरला ने सबसे ज्यादा 33 रन बनाए। उन्होंने महज 15 गेंदों की तूफानी पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया। अर्जुन आजाद 20 रन बनाकर टीम के दूसरे सर्वोच्च स्कोरर रहे। अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। देशपांडे ने गेंद के साथ-साथ बल्ले से भी उपयोगी योगदान दिया। उन्होंने 47 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 44 रन बनाए। पहले दिन मुशीर खान ने 65 और आयुष म्हात्रे ने 48 रन बनाकर मुंबई को मजबूत शुरुआत दिलाई थी।
रणजी ट्रॉफी
- फोटो : PTI
मध्य प्रदेश ने हासिल की बढ़त
गत चैंपियन जम्मू-कश्मीर की टीम पहली पारी में 120 रन पर सिमट गई जिसके बाद मध्य प्रदेश ने रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए मुकाबले के दूसरे दिन दूसरी पारी में चार विकेट पर 59 रन बनाकर कुल 135 रन की बढ़त हासिल कर ली। जम्मू-कश्मीर ने पहले दिन मध्य प्रदेश को 196 रन पर आउट कर दिया था, लेकिन टीम अपने गेंदबाजों के प्रदर्शन का फायदा नहीं उठा सकी और उसकी पहली पारी 46.3 ओवर में समाप्त हो गई। आकिब नबी और सुनील कुमार ने दो-दो विकेट लेकर जम्मू-कश्मीर की मुकाबले में वापसी की उम्मीदें कायम रखीं। दिन का खेल समाप्त होने पर मध्य प्रदेश के कप्तान शुभम शर्मा 15 रन बनाकर खेल रहे थे, जबकि दूसरे छोर पर आर्यन पांडे ने अभी खाता नहीं खोला है।
उत्तर प्रदेश बनाम बिहार
राजगीर में उत्तर प्रदेश ने एक अन्य मुकाबले में अपनी पहली पारी में 540 रन बनाए जिसके जवाब में बिहार ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक दो विकेट पर 44 रन बना लिए हैं। बिहार की टीम अभी 496 रन पीछे है और उसे पहली पारी में बड़े अंतर से पिछड़ने से बचने के लिए मजबूत बल्लेबाजी करनी होगी। दिन का खेल समाप्त होने पर पीयूष सिंह 16 रन बनाकर नाबाद थे, जबकि अमोद यादव ने खाता नहीं खोला था। उत्तर प्रदेश के लिए करण शर्मा ने दोनों विकेट चटकाए। उत्तर प्रदेश की टीम तीसरे दिन अपनी मजबूत स्थिति का फायदा उठाकर बिहार पर दबाव बढ़ाना चाहेगी।
रणजी ट्रॉफी
- फोटो : PTI
अन्य मैचों में किसका पलड़ा भारी
- रोहतक में खेले जा रहे मुकाबले में हिमाचल प्रदेश की पहली पारी के 253 रन के जवाब में हरियाणा ने चार विकेट पर 178 रन बना लिए। हरियाणा की ओर से यशवर्धन दलाल ने 69, जबकि अंकित कुमार ने 59 रन बनाए।
- उत्तराखंड ने मुंबई में रेलवे के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में चार विकेट पर 260 रन बनाकर बढ़त की ओर कदम बढ़ाए। रेलवे की पहली पारी 278 रन पर सिमट गई थी। इसके जवाब में उत्तराखंड की टीम पहली पारी के आधार पर 18 रन पीछे थी और उसके छह विकेट शेष थे।
- जयपुर में खेले जा रहे मुकाबले में राजस्थान ने पहली पारी में 363 रन बनाए। इसके जवाब में तमिलनाडु ने 167 रन तक अपने चार विकेट गंवा दिए।
- पणजी में बड़ौदा ने अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 472 रन बनाकर घोषित कर दी जिसके जवाब में गोवा ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक एक विकेट पर पांच रन बनाए। गोवा की टीम अभी 467 रन से पीछे है।
- नागपुर में विदर्भ ने पहली पारी में 428 रन बनाए जिसके जवाब में पुडुचेरी ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक एक विकेट पर 107 रन बना लिए थे।