लगभग चार साल बाद भारतीय टेस्ट टीम में वापसी करने वाले स्पिनर पीयूष चावला के ताबड़तोड़ 85 और अरीष आलम के नाबाद 93 रन की मदद से उत्तर प्रदेश ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप ‘बी’ मैच में विदर्भ के खिलाफ सात विकेट पर 524 रन का विशाल स्कोर बना लिया है।
मैच के दूसरे दिन सुबह चार विकेट पर 248 रन से आगे खेलने उतरी यूपी को दिन का पहला झटका 310 के स्कोर पर परविंदर सिंह (53) के रूप में लगा। एक रन बाद ही आमिर खान (29) भी चलते बने लेकिन चावला और आलम ने सातवें विकेट के लिए 139 रन की साझेदारी कर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया।
चावला ने अपने 85 रन की पारी में आठ चौके और तीन छक्के लगाए। स्टंप्स के समय आलम के साथ टीम इंडिया में पहली बार जगह बनाने वाले भुवनेश्वर कुमार 34 रन बनाकर खेल रहे थे। दोनों आठवें विकेट के लिए अब तक 74 रन जोड़ चुके हैं। विदर्भ की ओर से संदीप सिंह और गौरव उपाध्याय ने तीन-तीन विकेट लिए।
अवाना की बेहतरीन पारी से दिल्ली को बढ़त
भारतीय टेस्ट और ट्वंटी-20 टीम में पहली बार जगह बनाने का जश्न मनाते हुए परविंदर अवाना ने कर्नाटक के खिलाफ मैच में दिल्ली को बढ़त दिला दिया। पहली पारी में अवाना ने पांच विकेट लेकर कर्नाटक को महज 192 रन पर समेट दिया था।
जवाब में दिल्ली की भी शुरुआत खराब रही और उसके सात विकेट 144 रन पर गिर गए लेकिन अवाना ने महज 61 गेंदों पर 13 चौके और दो छक्के की मदद से 74 रन की ताबड़तोड़ पारी खेल टीम को बढ़त दिला दी। उसने सुमित नारवाल (29) के साथ आठवें विकेट के लिए 62 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई। जवाब में कर्नाटक ने दूसरी पारी में ठोस शुरुआत करते हुए दूसरे दिन स्टंप्स तक बगैर नुकसान के 136 रन बना लिए हैं। रोबिन उथप्पा 77 और लोकेश राहुल 53 रन बनाकर खेल रहे हैं।
मंदीप के बेस्ट से पंजाब मजबूत
युवा बल्लेबाज मंदीप सिंह के कैरियर की सर्वश्रेष्ठ पारी (211) की मदद से पंजाब ने मुंबई के खिलाफ 580 रन का विशाल स्कोर खड़ा। जवाब में दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक मुंबई ने एक विकेट पर 69 रन बना लिए थे। ओपनर आदित्य तारे मनप्रीत गोनी की गेंद पर 18 रन बनाकर आउट हो गए। पंजाब के लिए अमितोज सिंह ने भी 115 गेंदों पर 11 चौके और तीन छक्के की मदद से 91 रन बनाए और मंदीप के साथ पांचवें विकेट के लिए 195 रन की साझेदारी निभाई।
झारखंड ने त्रिपुरा को दो दिन में ही हराया
शंकर राव के पांच और अजय यादव के चार विकेट की घातक गेंदबाजी से झारखंड ने ग्रुप ‘सी’ मैच में त्रिपुरा को मैच के दूसरे दिन ही सात विकेट से हराकर छह अंक हासिल कर लिए। मैच में दो दिन के अंदर 33 विकेट गिरे। त्रिपुरा ने 106 और 86 रन बनाए। झारखंड ने पहली पारी में 139 रन बनाए और दूसरी पारी में 54 रन के लक्ष्य को 16.2 ओवर में तीन विकेट पर 55 रन बनाकर हासिल कर लिया। झारखंड के लिए पहली पारी में सौरभ तिवारी ने 58 और इशांक जग्गी ने 43 रन बनाए।
असम के खिलाफ हिमाचल ने की ठोस शुरुआत
असम के पहली पारी के 354 रन के जवाब में हिमाचल प्रदेश ने मैच के दूसरे दिन स्टंप्स तक बगैर नुकसान के 62 रन बनाकर ठोस शुरुआत की है। आकाश चोपड़ा 24 और वरुण शर्मा 34 रन बनाकर खेल रहे हैं। असम की ओर से पल्लव कुमार दास ने सर्वाधिक 90 जबकि अमित सिन्हा ने 53, जे सैयद मोहम्मद ने 47 और तरजिंदर सिंह ने 40 रन बनाए। हिमाचल की ओर से ऋषि धवन ने सर्वाधिक चार विकेट लिए।