फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ranji Trophy Semifinal: पहले सेमीफाइनल में गुजरात का केरल से सामना, दूसरे में विदर्भ के सामने मुंबई की चुनौती

Sun, 16 Feb 2025 04:11 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद

सार

पहला मैच अहमदाबाद में गुजरात और केरल के बीच खेला जाएगा। दूसरे मुकाबले में विदर्भ के सामने मुंबई की चुनौती होगी। यह मैच नागपुर में खेला जाएगा। दोनों मुकाबले सुबह 9:30 बजे से शुरू होंगे।
विज्ञापन
रणजी ट्रॉफी - फोटो : BCCI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रणजी ट्रॉफी का मौजूदा सत्र समाप्ति की ओर बढ़ रहा है। सोमवार से सेमीफाइनल के मुकाबले शुरू होंगे। पहला मैच अहमदाबाद में गुजरात और केरल के बीच खेला जाएगा। दूसरे मुकाबले में विदर्भ के सामने मुंबई की चुनौती होगी। यह मैच नागपुर में खेला जाएगा। दोनों मुकाबले सुबह 9:30 बजे से शुरू होंगे।
विज्ञापन
Trending Videos

सौराष्ट्र को हराकर सेमीफाइनल में पहुंचा गुजरात
पूर्व चैंपियन और मेजबान गुजरात अपने आक्रामक खेल और मजबूत बल्लेबाजी के कारण केरल के खिलाफ सोमवार से शुरू होने वाले रणजी ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जीत के प्रबल दावेदार के रूप में शुरुआत करेगा। गुजरात 2016-17 का चैंपियन है लेकिन वह 2019-20 के सत्र के बाद पहली बार सेमीफाइनल में पहुंचा है। उसने राजकोट में खेले गए क्वार्टर फाइनल मैच में सौराष्ट्र को पारी और 98 रन से करारी शिकस्त देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।

गुजरात के बल्लेबाजों ने किया प्रभावित
गुजरात की सेमीफाइनल तक की राह में उसके मध्यक्रम के बल्लेबाजों मनन हिंगराजिया, जयमीत पटेल और विकेटकीपर उर्विल पटेल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उर्विल ने पिछले मैच में 140 रन बनाए थे जो उनके प्रथम श्रेणी करियर का पहला शतक था। जयमीत ने भी इस मैच में शतक लगाया था जिससे गुजरात ने अपनी पहली पारी में 511 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। जयमीत ने इस सत्र में गुजरात की तरफ से लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने अभी तक 48.50 की औसत से 582 रन बनाए हैं जिसमें दो शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं। मनन भी 570 रन बनाकर जयमीत से ज्यादा पीछे नहीं हैं। उन्होंने भी अपने प्रदर्शन में निरंतरता दिखाई है और उनके नाम पर दो शतक दर्ज हैं।

सलमान और अजहरूद्दीन के बीच हुई थी 115 रनों की नाबाद साझेदारी
जहां तक सचिन बेबी की अगुवाई वाली केरल की टीम का सवाल है तो उसके लिए अभी तक का सफर काफी भावनात्मक रहा है। उसने क्वार्टर फाइनल में जम्मू कश्मीर पर पहली पारी में एक रन की बढ़त हासिल करने के दम पर दूसरी बार सेमीफाइनल में जगह बनाई है। क्वार्टर फाइनल में केरल के सामने 399 रन का चुनौती पूर्ण लक्ष्य था लेकिन उसके बल्लेबाजों ने अपने धैर्य और दृढ़ संकल्प का शानदार नमूना पेश करके मैच को ड्रॉ करा कर अपनी टीम को सेमीफाइनल में पहुंचाया था। इस मैच में सलमान निजार और मोहम्मद अजहरूद्दीन ने लगभग 43 ओवर में सातवें विकेट के लिए 115 रन की अटूट साझेदारी करके जम्मू कश्मीर की उम्मीद पर पानी फेरा था।

निजार पर रहेंगी निगाहें
निजार इस समय शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने जम्मू कश्मीर के खिलाफ पहली पारी में नाबाद 112 रन बनाए थे और अगर केरल को अपना विजय अभियान जारी रखना है तो उन्हें फिर से अच्छा प्रदर्शन करना होगा। गेंदबाजी में केरल की तरफ से एमडी निधिश ने अभी तक अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में 10 विकेट लिए थे। उनके नाम पर इस सत्र में अभी तक 22 विकेट दर्ज हैं। घरेलू क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी ऑलराउंडर जलज सक्सेना की भूमिका भी महत्वपूर्ण होगी।

मुंबई के लिए नहीं खेल पाएंगे जायसवाल
चोटिल यशस्वी जायसवाल का मुंबई की टीम से बाहर रहना लगभग तय है लेकिन इसके बावजूद गत चैंपियन टीम दूसरे सेमीफाइनल में विदर्भ के खिलाफ प्रबल दावेदार के रूप में उतरेगी। पीटीआई को पता चला है कि जायसवाल अपनी चोट के आगे के आकलन के लिए जल्द ही बेंगलुरू स्थित भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस जा सकते हैं क्योंकि उन्हें भारत की चैंपियंस ट्रॉफी टीम में ‘टीम के साथ यात्रा नहीं करने वाले रिजर्व खिलाड़ी’ के रूप में रखा गया है। जायसवाल की अनुपस्थिति किसी भी तरह से मुंबई की ताकत को कम नहीं करती हैं। यह मुकाबला पिछले साल के फाइनल की पुनरावृत्ति है जिसमें मुंबई ने विदर्भ को हराकर खिताब जीता था।

मुंबई जीत का प्रबल दावेदार
मुंबई के पास कप्तान अजिंक्य रहाणे, सूर्यकुमार यादव, शिवम दुबे और शारदुल ठाकुर जैसे कई स्टार खिलाड़ी हैं जो अपने दम पर मैच का रुख बदल सकते हैं। कुछ शानदार खिलाड़ियों की मौजूदगी से कहीं अधिक यह 42 बार की चैंपियन टीम का दृढ़ संकल्प है जो उसे एक अलग पहचान दिलाता है। मौजूदा सत्र में कई मौकों पर मुंबई का शीर्ष क्रम विफल रहा लेकिन ठाकुर और तनुश कोटियान जैसे निचले क्रम के बल्लेबाजों ने शानदार प्रयास करते हुए टीम को संकट से निकाला। हरियाणा के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में भी मुंबई ने 113 रन पर सात विकेट गंवा दिए थे लेकिन शम्स मुलानी और कोटियान ने आठवें विकेट के लिए 183 रन की साझेदारी करके मुंबई को जोरदार वापसी दिलाई।मुंबई को उम्मीद होगी कि नागपुर की पिच पर बड़े खिलाड़ी एक बार फिर बड़ी पारियां खेलते हुए नजर आएंगे क्योंकि यहां की पिच आमतौर पर बल्लेबाजी की अनुकूल होती है। विदर्भ के खिलाफ मुंबई अपने शीर्ष क्रम से प्रदर्शन में अधिक निरंतरता की उम्मीद करेगी।

विदर्भ के बल्लेबाजों ने भी किया प्रभावित
दूसरी तरफ विदर्भ की टीम शानदार फॉर्म में है। उनके गेंदबाजी आक्रमण में बड़े नाम नहीं हैं लेकिन हर्ष दुबे, यश ठाकुर, आदित्य ठाकरे और नचिकेत भूट ने विदर्भ के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। बाएं हाथ के स्पिनर दुबे मौजूदा रणजी सत्र में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं जिन्होंने 59 विकेट चटकाए हैं। विदर्भ की टीम मुंबई के शीर्ष क्रम के थोड़े डगमगाने वाले स्वभाव का फायदा उठाने और उन्हें शुरू से ही दबाव में डालने की कोशिश करेगी। मुंबई का कोई भी बल्लेबाज मौजूदा सत्र में सबसे अधिक रन बनाने वाले शीर्ष 20 बल्लेबाजों की सूची में भी शामिल नहीं है। सिद्धेश लाड (565 रन) टीम के सबसे सफल बल्लेबाज हैं और वह सर्वाधिक रन बनाने वालों की सूची में 22वें स्थान पर हैं। इसके विपरीत विदर्भ के बल्लेबाजी अच्छी फॉर्म में हैं। यश राठौड़ (728 रन) सर्वाधिक रन बनाने वालों की सूची में चौथे स्थान पर हैं। करुण नायर (591) और कप्तान अक्षय वाडकर (588) ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। विदर्भ को हालांकि सलामी बल्लेबाज अथर्व तायडे और ध्रुव शौरी से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
विज्ञापन

पहले सेमीफाइनल के लिए दोनों टीमें इस प्रकार हैं
गुजरात: प्रियांक पांचाल, आर्या देसाई, सिद्धार्थ देसाई, मनन हिंगराजिया, जयमीत पटेल, उर्विल पटेल (विकेटकीपर), चिंतन गजा (कप्तान), विशाल जयसवाल, रवि बिश्नोई, अर्जन नागवासवाला, प्रियजीतसिंग जडेजा, ऋषि पटेल, आदित्य उदयकुमार पटेल, रिंकेश वाघेला, उमंग कुमार, तेजस पटेल, हेमांग पटेल, हेत पटेल, क्षितिज पटेल।

केरल: अक्षय चंद्रन, रोहन कुन्नुम्मल, शॉन रोजर, सचिन बेबी (कप्तान), जलज सक्सेना, सलमान निज़ार, मोहम्मद अज़हरुद्दीन (विकेटकीपर), आदित्य सरवटे, एमडी निधिश, नेदुमंकुझी बासिल, बासिल थम्पी, वैसाख चंद्रन, बाबा अपराजित, विष्णु विनोद, केएम आसिफ, फाजिल फानूस, वाथसल गोविंद, कृष्णा प्रसाद और आनंद कृष्णन।

दूसरे सेमीफाइनल के लिए दोनों टीमें इस प्रकार हैं
मुंबई:
अजिंक्य रहाणे (कप्तान), आयुष म्हात्रे, अंगकृष रघुवंशी, अमोघ भटकल, सूर्यकुमार यादव, यशस्वी जयसवाल (चोटिल), सिद्धेश लाड, शिवम दुबे, आकाश आनंद, हार्दिक तमोरे, सूर्यांश शेडगे, शारदुल ठाकुर, शम्स मुलानी, तनुष कोटियान, मोहित अवस्थी, सिल्वेस्टर डिसूजा, रॉयस्टन डियास, अथर्व अंकोलेकर और हर्ष तन्ना।

विदर्भ: अक्षय वाडकर (कप्तान), अथर्व तायडे, अमन मोखादे, यश राठौड़, हर्ष दुबे, अक्षय कर्णेवार, यश कदम, अक्षय वखारे, आदित्य ठाकरे, दर्शन नालकंडे, नचिकेत भूट, सिद्धेश वाथ, यश ठाकुर, दानिश मालेवार, पार्थ रेखाडे, करुण नायर और ध्रुव शौरी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें