भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल ने गुरुवार को घरेलू क्रिकेट में वापसी की, लेकिन वह कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके। उनका बल्ला एक बार फिर खामोश रहा। वहीं, कर्नाटक के कप्तान मयंक अग्रवाल ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली।
26 रन बनाकर पवेलियन लौटे केएल राहुल
कर्नाटक और हरियाणा के बीच ग्रुप सी का मुकाबला बंगलूरू में खेला जा रहा है। इस मैच में कर्नाटक की तरफ से दिग्गज बल्लेबाज केएल राहुल भी खेलने उतरे। फैंस को उनसे ताबड़तोड़ प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए राहुल महज 26 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्हें अंशुल कंबोज ने अपना शिकार बनाया।
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर संघर्ष करते दिखे राहुल
32 वर्षीय बल्लेबाज ने अपना आखिरी रणजी मैच 2020 मार्च में कर्नाटक के लिए बंगाल के खिलाफ खेला था। इस मुकाबले में उनका बल्ला खामोश ही रहा था। बता दें कि, यह पहला मौका नहीं है जब उन्हें विकेट पर संघर्ष करते देखा गया है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी वह रन बनाने के लिए संघर्ष करते नजर आए थे। राहुल ने इस सीरीज में दो पारियों में जरूर अच्छी बल्लेबाजी की थी, लेकिन बाकी आठ पारियों में वह बेरंग दिखे। पर्थ टेस्ट की दूसरी पारी में उन्होंने 77 रन और गाबा टेस्ट की पहली पारी में 84 रन बनाए थे। इसके अलावा बाकी आठ पारियों में उनके नाम 115 रन हैं। उन्हें शुरुआत तो मिली, लेकिन वह इसे भुना पाने में नाकाम रहे। इसने टीम को काफी नुकसान पहुंचाया और उसे 1-3 से हार का सामना करना पड़ा।
मयंक अग्रवाल ने मचाया धमाल
रणजी ट्रॉफी के इस मुकाबले के बाद केएल राहुल इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज और उसके बाद चैंपियंस ट्रॉफी में खेलते दिखेंगे। ऐसे में वह फॉर्म में वापसी करना चाहेंगे। मालूम हो कि, इस मैच में कर्नाटक के कप्तान मयंक अग्रवाल ने दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने आठ चौके और तीन छक्के की मदद से 91 रन बनाए। पहले दिन का खेल समाप्त हो चुका है। कर्नाटक ने पांच विकेट पर 267 रन बना लिए हैं। कृष्णन श्रीजीत और यशोवर्धन परंताप क्रमश: 18 और 27 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।