उत्तराखंड ने गुरुवार (12 जनवरी) को रणजी ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश को सस्ते में समेट दिया। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अग्रिम तिवारी की शानदार गेंदबाजी की मदद से उसने यूपी को 142 रन पर ऑलआउट कर दिया। अग्रिम ने 27 रन देकर चार विकेट लिए। उत्तर प्रदेश के लिए सबसे ज्यादा रन समीर चौधरी ने बनाए। उन्होंने 49 रन बनाए। समीर चौधरी ने अपनी पारी में 126 गेंदों का सामना करते हुए छह चौके और एक छक्का लगाया।
उत्तराखंड के लिए अग्रिम के अलावा अजय नेगी को तीन और दीपक धपोला को दो विकेट मिले। एक विकेट मयंक मिश्रा ने हासिल किया। जवाब में उत्तराखंड ने पहली पारी में दो विकेट पर 65 रन बनाए। उत्तराखंड अभी 77 रन पीछे है। मैच के तीसरे दिन का खेल खत्म होने पर प्रियांशु खंडूरी 24 और कुणाल चंदेला 11 रन बनाकर खेल रहे थे। उत्तर प्रदेश के लिए दोनों विकेट कार्तिकेय ने लिए। उत्तर प्रदेश की टीम अपने बुधवार के स्कोर छह विकेट पर 107 रन से आगे खेलने उतरी। टीम ने 35 रन जोड़कर अपने शेष चार विकेट गंवा दिए।
हरियाणा ने नगालैंड को पारी और 69 से हराया
हरियाणा ने नगालैंड को पारी और 69 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। हरियाणा के अमित राणा ने मैच में 12 विकेट लिए। नगालैंड पहली पारी में 88 रन पर सिमट गया था।नगालैंड के लिए श्रीकांत मुंडे ने सर्वाधिक 32 रन बनाए। हरियाणा के लिए अमित राणा ने 15 रन देकर पांच विकेट लिए। जवाब में हरियाणा ने अपनी पहली पारी सात विकेट पर 229 रन बनाकर घोषित कर दी। युवराज सिंह ने हरियाणा के लिए सबसे ज्यादा 75 रन बनाए। फिर हरियाणा ने अमित राणा (7/24) की मदद से नगालैंड को दूसरी पारी में 72 रन पर ढेर करके मैच अपने नाम कर लिया।
पंजाब को जम्मू-कश्मीर पर मिली बढ़त
कप्तान मनदीप सिंह के अर्धशतक की मदद से पंजाब ने जम्मू-कश्मीर के खिलाफ पहली पारी में बढ़त हासिल की। मनदीप ने 104 गेंदों में नौ चौकों की मदद से 69 रन बनाए और पंजाब पहली पारी में 268 रन बनाने में सफल हुआ। जम्मू-कश्मीर की पहली पारी 212 रन पर सिमट गई थी और इस तरह पंजाब को पहली पारी में 56 रन की बढ़त हासिल हुई। पंजाब के लिए पहली पारी में बलतेज सिंह ने 47 रन देकर पांच विकेट लिए। तीसरे दिन का खेल खत्म होने पर जम्मू-कश्मीर ने दूसरी पारी में एक विकेट पर 18 रन बना लिए।