मुंबई के बल्लेबाज सुवेद पारकर ने मंगलवार (सात जून) को रणजी ट्रॉफी के क्वार्टरफाइनल में उत्तराखंड के खिलाफ दोहरा शतक लगाया। प्रथम श्रेणी क्रिकेट के डेब्यू मैच में ही उन्होंने यह कमाल कर दिया। सुवेद ऐसा करने वाले भारत के 12वें और मुंबई के दूसरे बल्लेबाज हैं। उन्होंने 252 रन बनाए। अलूर क्रिकेट ग्राउंड पर उन्होंने अपने कोच अमोल मजूमदार के सामने यह उपलब्धि हासिल की। सिर्फ कोच के सामने यह उपलब्धि हासिल ही नहीं की बल्कि उनके रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली।
पारकर ने मैच के दूसरे दिन के दूसरे सत्र में बाएं हाथ के स्पिनर स्वप्निल सिंह की गेंद पर एक रन लेकर अपना दोहरा शतक पूरा किया। उन्होंने 375 गेंद पर अपना दोहरा शतक पूरा किया। यह संयोग कि बात है कि पारकर ने अपने कोच अमोल मजूमदान के रिकॉर्ड की बराबरी की है। टीम के मौजूदा कोच मजूमदार ने भी मुंबई के लिए डेब्यू मैच में दोहरा शतक लगाया था। उन्होंने 1993-94 सीजन में हरियाणा के खिलाफ फरीदाबाद में 260 रन बनाए थे।
सुवेद पारकर
- फोटो : ट्विटर
कोच से आगे नहीं निकल पाए पारकर
सुवेद अपने कोच के स्कोर को पार नहीं कर सके। दूसरे दिन 250 रन के स्कोर को पार करने के बाद वो रनआउट हो गए। उन्होंने 444 गेंदों पर 252 रन बनाए। इस दौरान 21 चौके और चार छक्के लगाए। उनकी पारी की बदौलत मुंबई की टीम ने 166.4 ओवर में आठ विकेट पर 647 रन बनाए। सुवेद के रनआउट होते ही मुंबई के कप्तान पृथ्वी शॉ ने पारी घोषित कर दी।
सरफराज खान
- फोटो : ट्विटर
सरफराज का शतक, अरमान ने जड़ा अर्धशतक
मुंबई के अन्य बल्लेबाजों की बात करें तो सरफराज खान 153 रन बनाकर आउट हुए। इस सीजन में उनका यह तीसरा शतक है। सरफराज ने चार मैचों की पांच पारियों में 704 रन बनाए हैं। 275 रन उनका उच्चतम स्कोर रहा है। उनके बल्ले से एक अर्धशतक भी निकला है। सरफराज के अलावा अरमान जाफर ने 60 और शम्स मुलानी ने 59 रन बनाए। यशस्वी जायसवाल 35 और कप्तान पृथ्वी शॉ 21 रन बनाकर आउट हो गए।
प्रथम श्रेणी डेब्यू में सबसे ज्यादा स्कोर बनाने वाले भारतीय
| बल्लेबाज |
स्कोर |
टीम |
खिलाफ |
साल |
| सकिबुल गनी |
342 |
बिहार |
मिजोरम |
2021-22 |
| अजय रोहेरा |
267* |
मध्य प्रदेश |
हैदराबाद |
2018-19 |
| अमोल मजूमदार |
260 |
मुंबई |
हरियाणा |
1993-94 |
| सुवेद पारकर |
252 |
मुंबई |
उत्तराखंड |
2021-22 |
| अर्सलान खान |
233 |
चंडीगढ़ |
अरुणाचल प्रदेश |
2019-20 |
| गुंडप्पा विश्वनाथ |
230 |
मैसूर |
आंध्र प्रदेश |
1967-68 |
| मयंक राघव |
228 |
मणिपुर |
नगालैंड |
2018-19 |
| पवन शाह |
219 |
महाराष्ट्र |
असम |
2021-22 |
| जीवनजोत सिंह |
213 |
पंजाब |
हैदराबाद |
2012-13 |
| अंशुमान पांडे |
209* |
मध्य प्रदेश |
उत्तर प्रदेश |
1995-96 |
| अभिषेक गुप्ता |
202 |
पंजाब |
हिमाचल प्रदेश |
2017-18 |
| मनप्रीत जुनेजा |
201 |
गुजरात |
तमिलनाडु |
2011-12 |