फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रणजी ट्रॉफी राउंड अप: कृणाल-जाफर के शतक, यहां देखें पहले दिन का हाल

Sun, 30 Dec 2018 07:59 PM IST
Sumit kumar स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
Wasim Jaffer
विज्ञापन

जाफर का एक और शतक, विदर्भ ने बड़े स्कोर की तरफ बढ़ाये कदम

विज्ञापन

अनुभवी वसीम जाफर ने अपनी शानदार फार्म जारी रखते हुए रविवार को यहां 178 रन की आकर्षक पारी खेली जिससे विदर्भ ने मुंबई के खिलाफ रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए मैच के पहले दिन चार विकेट पर 389 रन बनाकर बड़े स्कोर की तरफ कदम बढ़ाये।

विदर्भ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया जिसके बाद जाफर ने वर्तमान सत्र का तीसरा और लगातार दूसरा शतक पूरा किया। यह उनके प्रथम श्रेणी करियर का 56वां शतक है जिसके लिए उन्होंने 196 गेंदें खेली तथा 22 चौके और दो छक्के लगाये।
विज्ञापन


जाफर ने इस बीच अथर्व ताइडे (95) के साथ दूसरे विकेट के लिए 199 और गणेश सतीश (नाबाद 77) के साथ तीसरे विकेट के लिए 112 रन की दो उपयोगी साझेदारियां की। स्टंप उखड़ने के समय सतीश के साथ मोहित काले 33 रन पर खेल रहे थे। मुंबई की तरफ से बायें हाथ के स्पिनर ध्रुमिल मातकर ने 92 रन देकर तीन विकेट लिए हैं।

राहुल शुक्ला के तीन विकेट, त्रिपुरा के आठ विकेट पर 247 रन
त्रिपुरा ने झारखंड के खिलाफ रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी एलीट मैच के शुरूआती दिन स्टंप तक आठ विकेट गंवाकर 247 रन बना लिए। झारखंड ने टॉस जीतकर त्रिपुरा को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।

त्रिपुरा के लिए शीर्षक्रम में सिर्फ उदयन बोस ने 44 रन की पारी खेली जबकि राजीब साहा स्टंप तक 43 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। दूसरे छोर पर उनके साथ सौरभ दास दो रन बनाकर खेल रहे थे। राहुल शुक्ला ने 38 रन देकर तीन विकेट झटके जबकि आशीष कुमार और अनुकूल राय ने दो दो विकेट हासिल किए।

सिद्धार्थ कौल की घातक गेंदबाजी, पंजाब का पलड़ा भारी
तेज गेंदबाज सिद्धार्थ कौल (55 रन देकर छह विकेट) की घातक गेंदबाजी से केरल को 121 रन समेटने के बाद पंजाब ने शुरुआती झटकों के बावजूद पहली पारी में बढ़त हासिल करके रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप बी मैच के पहले दिन रविवार को यहां अपना पलड़ा भारी रखा।

पंजाब ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक दो विकेट पर 135 रन बनाए हैं और उसे 14 रन की बढ़त मिल चुकी है। पंजाब ने दो विकेट 30 रन गंवा दिये थे लेकिन इसके बाद सलामी बल्लेबाज जीवनजोत सिंह (नाबाद 67) और कप्तान मनदीप सिंह (नाबाद 41) ने टीम को आगे कोई झटका नहीं लगने दिया। इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिए अब तक 105 रन जोड़े हैं।

इससे पहले केरल के बल्लेबाजों के पास कौल की घातक गेंदबाजी का कोई जवाब नहीं था। अपना 57वां प्रथम श्रेणी मैच खेल रहे कौल ने इस बीच 200 विकेट भी पूरे किए। केरल की तरफ से विष्णु विनोद ने सर्वाधिक 35 रन बनाए।

सेना ने ओडिशा को 177 रन पर आउट किया
बायें हाथ के स्पिनर अरूण बामल की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से सेना ने रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप सी मैच में रविवार को यहां ओडिशा को पहली पारी में 177 रन पर आउट कर दिया।

बामल ने 61 रन देकर चार विकेट लिए। सच्चिदानंद पांडे और दिवेश पठानिया ने दो-दो विकेट लेकर उनका अच्छा साथ दिया। ओडिशा के केवल तीन बल्लेबाज दोहरे अंक में पहुंचे। इनमें निचले क्रम के बल्लेबाज अभिषेक राउत ने सर्वाधिक 56 रन बनाए। उनके अलावा कप्तान बिप्लव सामंत्रे ने 41 और देबाशीष सामंत्रे ने 26 रन बनाए।

मध्यप्रदेश के पांच विकेट पर 235 रन
मध्य प्रदेश ने पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद हिमाचल प्रदेश के खिलाफ रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप बी मैच के पहले दिन रविवार को यहां पांच विकेट पर 235 रन बनाए।

मध्यप्रदेश के अधिकतर बल्लेबाजों ने अच्छी शुरुआत की लेकिन कोई भी बड़ा स्कोर नहीं बना पाया। उसकी तरफ से रजत पाटिदार ने 47, कप्तान नमन ओझा ने 41, आर्यमन बिड़ला ने 32 और यश दुबे ने 31 रन बनाए। स्टंप उखड़ने के समय शुभम शर्मा 34 और पुनीत दाते 22 रन पर खेल रहे थे। हिमाचल प्रदेश की तरफ से अर्पित गुलेरिया और पंकज जायसवाल ने दो-दो विकेट लिए हैं।

निश्चल और सिद्धार्थ के शतकों से संभला कर्नाटक
देगा निश्चल (नाबाद 107) और केवी सिद्धार्थ (105) के शतकों की बदौलत कर्नाटक ने शुरुआती झटकों से उबरकर छत्तीसगढ़ के खिलाफ रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए मैच के पहले दिन रविवार को यहां अपनी पहली पारी में चार विकेट पर 273 रन बनाए।

कर्नाटक ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर दो विकेट 16 रन पर गंवा दिये थे। निश्चल और सिद्धार्थ ने यहीं से तीसरे विकेट के लिए 163 रन की साझेदारी की। कप्तान मनीष पांडे ने भी 40 रन बनाए। स्टंप उखड़ने के समय निश्चल के साथ श्रेयस गोपाल आठ रन पर खेल रहे थे।

छत्तीसगढ़ की तरफ से तेज गेंदबाज पंकज राव (38 रन देकर चार विकेट) सबसे सफल गेंदबाज रहे। अभी तक गिरे चारों विकेट राव को मिले हैं। कृणाल पंड्या का शतक, बड़ौदा के छह विकेट पर 289 रन

कृणाल पांड्या का शतक, बड़ौदा के छह विकेट पर 289 रन
भारतीय टी20 टीम के सदस्य कृणाल पंड्या के प्रथम श्रेणी करियर के पहले शतक की मदद से बड़ौदा ने रेलवे के लिए खिलाफ रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए मैच में रविवार को यहां छह विकेट पर 289 रन बनाए। अपना दूसरा प्रथम श्रेणी मैच खेल रहे पंड्या ने 160 रन बनाकर बड़ौदा को शुरुआती झटकों से उबारा। उन्होंने 219 गेंदों का सामना करके 22 चौके लगाये।

पंड्या ने तब जिम्मेदारी संभाली जबकि बड़ौदा ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर चार विकेट 54 रन पर गंवा दिये थे। उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज मितेश पटेल (नाबाद 55) के साथ छठे विकेट के लिए 171 रन की बड़ी साझेदारी की। रेलवे की तरफ से तेज गेंदबाज अमित मिश्रा ने 65 रन देकर चार विकेट लिए।

गजा को पांच विकेट, महाराष्ट्र 230 रन पर सिमटा
गुजरात ने एलीट ग्रुप ए रणजी ट्रॉफी मैच में चिंतन गजा (पांच विकेट) और पीयूष चावला (तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत पहली पारी में महाराष्ट्र को 230 रन पर समेटने के बाद स्टंप उखड़ने तक बिना विकेट गंवाये 41 रन बना लिए। गुजरात की टीम 189 रन से पीछे है और उसके सलामी बल्लेबाज कथन पटेल 21 व चिंतन गजा 15 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं।

बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद महाराष्ट्र ने पहला विकेट बिना रन जोड़े ही गंवा दिया था। रूतुराज गायकवाड़ और राहुल त्रिपाठी की अर्धशतकीय पारियों की मदद से टीम सम्मानजनक स्कोर बनाने में सफल रही। रूतुराज ने 128 गेंद खेलकर 12 चौकों की मदद से 70 रन बनाए जबकि राहुल ने 117 गेंद में 10 चौके और दो छक्के से 62 रन की पारी खेली।

अनुपम संकलेचा ने 23, अक्षय पालकर ने 24 रन और सलामी बल्लेबाज स्वप्निल गुगाले ने 21 रन का योगदान दिया। चिंतन गजा ने सही लाइन एवं लेंथ गेंदबाजी की बदौलत 57 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। पीयूष चावला भी 39 रन में तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजने में सफल रहे। रूश कलारिया को दो विकेट मिले।
विज्ञापन

लाहली में गेंदबाजों ने फिर दिखाया जलवा, उप्र को हरियाणा पर बढ़त
बायें हाथ के स्पिनर सौरभ कुमार (33 रन देकर सात विकेट) की करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी से हरियाणा को सस्ते में समेटने के बाद उत्तर प्रदेश ने रिंकू सिंह की 43 रन की पारी की मदद से रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप सी मैच में रविवार को यहां पहली पारी में बढ़त हासिल की।

हरियाणा की टीम पहली पारी में 110 रन पर आउट हो गयी जिसके जवाब में उत्तर प्रदेश ने 133 रन बनाकर 23 रन की बढ़त बनायी। हरियाणा ने दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी दूसरी पारी में बिना किसी नुकसान के दस रन बनाए थे।

हरियाणा की पहली पारी का आकर्षण सलामी बल्लेबाज हिमांशु राणा (50) का अर्धशतक रहा। उनके अलावा केवल निचले क्रम के बल्लेबाज संजय पहल (नाबाद 19) और कप्तान हर्षल पटेल (15) ही दोहरे अंक में पहुंचे।

उत्तर प्रदेश की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही लेकिन रिंकू की पारी से वह पहली पारी में बढ़त हासिल करने में सफल रही। हरियाणा की तरफ से अजित चहल ने 16 रन देकर पांच और पटेल ने 32 रन देकर तीन विकेट लिए।

दिल्ली की टीम बंगाल के खिलाफ 240 रन पर सिमटी
तेज गेंदबाज अशोक डिंडा (62 रन देकर चार विकेट) ने शुरू में मिले झटकों से बैकफुट पर पहुंची दिल्ली की टीम युवा बल्लेबाज जोंटी सिद्धू के करियर के पहले अर्धशतक की मदद से बंगाल के खिलाफ रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप बी मैच में रविवार को यहां अपनी पहली पारी में 240 रन बनाने में सफल रही।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसकी आधी टीम 73 रन तक पवेलियन लौट चुकी थी। इनमें कप्तान नितीश राणा (21), पिछले मैच में शतक जड़ने वाले अनुज रावत (सात) और युवा हिम्मत सिंह (चार) भी शामिल थे।

सिद्धू ने यहीं से जिम्मेदारी संभाली और 165 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से 85 रन की पारी खेली। उन्होंने शिवम शर्मा (42) के साथ छठे विकेट के लिए 96 रन की साझेदारी करके दिल्ली को शुरुआती झटकों से उबारा। बाद में शिवांक वशिष्ठ ने भी नाबाद 34 रन की उपयोगी पारी खेली। आखिरी चार विकेट 29 रन के अंदर गंवाने के कारण पहले दिन के आखिर में दिल्ली की पूरी पारी सिमट गयी।  बंगाल की तरफ से डिंडा के अलावा मुकेश कुमार ने 74 रन देकर दो विकेट लिए।

राहुल चहर के चार विकेट से गोवा 244 रन पर सिमटा
शीर्ष पर चल रही राजस्थान की टीम ने लेग स्पिनर राहुल चहर के चार विकेट की मदद से गोवा को रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप सी मुकाबले में पहली पारी में 244 रन पर समेटने के बाद रविवार को यहां स्टंप तक बिना विकेट गंवाये 20 रन बना लिए।

पहले दिन का खेल समाप्त होने तक अमितकुमार गौतम और चेतन बिष्ट नौ-नौ रन बनाकर क्रीज पर डटे थे। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी गोवा के लिए एसएस कौंथाकर 48 रन बनाकर रन आउट हुए जबकि अमोघ सुनील देसाई ने 44 रन की पारी खेली।

अमित वर्मा ने 32 रन का योगदान दिया और एजी पांड्रेकर 36 रन बनाकर नाबाद रहे।  राहुल चहर ने अपनी शानदार गेंदबाजी की बदौलत 86 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए जबकि तनवीर उल हक को 39 रन देकर दो विकेट मिले।

अक्षत रेड्डी और हिमालय अग्रवाल के अर्धशतक, हैदराबाद के सात विकेट पर 226 रन
हैदराबाद ने रविवार को यहां आंध्र के खिलाफ ग्रुप बी रणजी ट्रॉफी एलीट मुकाबले के शुरूआती दिन अक्षत रेड्डी (57) और हिमालय अग्रवाल (59) के अर्धशतकों की मदद से सात विकेट पर 226 रन बना लिए। आंध्र ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया और उसके लिए केवी शशिकांत ने 49 रन देकर तीन जबकि वाई पृथ्वी राज और पी गिरीनाथ रेड्डी ने दो दो विकेट हासिल किए।

हैदराबाद ने भले ही पहला विकेट सलामी बल्लेबाज तिलक शर्मा के रूप चौथे ओवर में गंवा दिया हो, लेकिन उसके लिए कप्तान रेड्डी ने 136 गेंद में नौ चौके से 57 रन की अर्धशतकीय पारी खेली और दूसरे सलामी बल्लेबाज तन्मय अग्रवाल ने 44 रन का योगदान दिया। हिमालय अग्रवाल ने 103 गेंद में सात चौके और दो छक्के से 59 रन जोड़े जबकि बीपी संदीप ने 33 रन बनाए। स्टंप तक पी एस साईराम 14 रन बनाकर क्रीज पर डटे थे।


विकेटों के पतझड़ के बीच जम्मू कश्मीर को बढ़त
जम्मू कश्मीर ने सलामी बल्लेबाज कामरान इकबाल के अर्धशतक की मदद से असम के खिलाफ विकेटों के पतझड़ के बीच रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी मैच के पहले दिन रविवार को यहां पहली पारी में 16 रन की बढ़त हासिल की।

दिन भर में कुल 20 विकेट गिरे। असम ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर 128 रन बनाए। उसके नौ विकेट 74 रन पर निकल गये थे लेकिन 11वें नंबर के बल्लेबाज मृणमय दत्ता के नाबाद 35 रन और मुख्तार हुसैन (24) के साथ उनकी 52 रन की साझेदारी से टीम 100 रन के पार पहुंच पायी। जम्मू कश्मीर की तरफ से रोहित शर्मा और उमर नजीर ने तीन जबकि इरफान पठान और रसिक सलाम ने दो . दो विकेट लिए।

जम्मू कश्मीर की टीम भी कामरान के 64 रन के बावजूद 142 रन पर आउट हो गयी। कामरान के अलावा इरफान पठान (35) और कन्हैया बादवान (24) ही दोहरे अंक में पहुंचे। मुख्तार हुसैन ने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाया और 39 रन देकर पांच विकेट लिए। अरूप दास ने तीन विकेट हासिल किए।  असम ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी दूसरी पारी में बिना किसी नुकसान के छह रन बनाए थे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें