फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रणजी ट्रॉफी राउंडअप: सौराष्ट्र की महाराष्ट्र पर जीत, यूपी समेत इन टीमों ने खेला ड्रॉ

Mon, 17 Dec 2018 07:29 PM IST
Sumit kumar स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
ranji trophy
विज्ञापन

तेज गेंदबाज अशोक डिंडा और मुकेश कुमार की धारदार गेंदबाजी से बंगाल ने रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप बी मैच में सोमवार को यहां हैदराबाद के खिलाफ पहली पारी की बढ़त के आधार पर तीन अंक हासिल किए। हैदराबाद की टीम पहली पारी में चार विकेट पर 204 रन से आगे खेलने उतरी, लेकिन 312 रन ही बना सकी।

विज्ञापन


के रोहित रायुडू (93) और हिमालय अग्रवाल (65) के अर्धशतकों के बावजूद हैदराबाद की टीम बंगाल के 336 रन के स्कोर को पार करने में विफल रही। डिंडा ने 88 रन देकर चार जबकि मुकेश ने 54 रन देकर चार विकेट चटकाए।

पहली पारी में 24 रन की बढ़त हासिल करने वाले बंगाल ने दूसरी पारी में जब एक विकेट पर 49 रन बनाए थे तब मैच को ड्रॉ समाप्त घोषित किया गया। इस समय सुदीप चटर्जी 30 जबकि अभिषेक रमन 15 रन बनाकर खेल रहे थे। बंगाल के अब पांच मैचों में 15 अंक हो गए हैं जबकि हैदराबाद के छह मैचों में 13 अंक हैं।
विज्ञापन



उत्तर प्रदेश ने मैच ड्रॉ कराया, झारखंड को तीन अंक

सलामी बल्लेबाज मोहम्मद सैफ (नाबाद 64) और युवा प्रियम गर्ग (नाबाद 80) के बीच अटूट शतकीय साझेदारी से उत्तर प्रदेश ने झारखंड के खिलाफ रणजी ट्राफी ग्रुप सी मैच आज यहां ड्रॉ कराया। झारखंड ने कुमार देवब्रत (78) और कप्तान इशान किशन (53) के अर्धशतकों की मदद से अपनी दूसरी पारी पांच विकेट पर 213 रन पर समाप्त घोषित करके उत्तर प्रदेश के सामने 325 रन का मुश्किल लक्ष्य रखा था।

उत्तर प्रदेश के बल्लेबाजों ने विकेट बचाए रखने को तरजीह दी। सैफ और गर्ग ने दूसरे विकेट के लिये 130 रन जोड़े। उत्तर प्रदेश ने जब अपनी दूसरी पारी में एक विकेट पर 174 रन बनाये थे तब दोनों कप्तान ड्रॉ पर सहमत हो गए।

झारखंड ने पहली पारी में 354 रन बनाकर उत्तर प्रदेश को 243 रन पर आउट कर दिया था। इस तरह से झारखंड को तीन अंक मिले जबकि उत्तर प्रदेश को एक अंक से संतोष करना पड़ा। झारखंड के अब छह मैचों में 24 और उत्तर प्रदेश के इतने ही मैचों में 25 अंक हैं।


पंजाब को तमिलनाडु के खिलाफ ड्रॉ मैच से तीन अंक

कप्तान बाबा इंद्रजीत सहित पांच बल्लेबाजों के अर्धशतक से तमिलनाडु ने सोमवार को यहां पंजाब के खिलाफ रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप बी मैच ड्रॉ कराया लेकिन मेजबान टीम पहली पारी की बढ़त के आधार पर तीन अंक हासिल करने में सफल रही। तमिलनाडु को एक अंक से संतोष करना पड़ा।

पहली पारी में 264 रन से पिछड़ने वाली तमिलनाडु की टीम आज तीन विकेट पर 166 रन से आगे खेलने उतरी और कप्तान अपराजित (93), दिनेश कार्तिक (74) और विजय शंकर (नाबाद 51) की पारियों की बदौलत छह विकेट पर 383 रन बनाने में सफल रही जिसके बाद दोनों कप्तान मैच ड्रॉ समाप्त करने को राजी हो गए।

तमिलनाडु की ओर से दूसरी पारी में सलामी बल्लेबाजों अभिनव मुकुंद (74) और एन जगदीशन (50) ने भी कल अर्धशतक जड़े थे। पंजाब की ओर से युवराज सिंह और संदीप शर्मा ने दो-दो विकेट चटकाए। तमिलनाडु ने पहली पारी में 215 रन बनाए थे जिसके जवाब में पंजाब की टीम 479 रन बनाने में सफल रही थी। पंजाब के पांच मैचों में 12 अंक हो गए हैं जबकि तमिलनाडु के छह मैचों में 12 अंक हैं।

विज्ञापन

सौराष्ट्र ने महाराष्ट्र को पांच विकेट से हराया

बाएं हाथ के स्पिनर धर्मेन्द्र सिंह जडेजा के करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी और युवा बल्लेबाज हार्विक देसाई की सधी हुई बल्लेबाजी की मदद से सौराष्ट्र ने सोमवार को यहां महाराष्ट्र को पांच विकेट से हराकर रणजी ट्राफी ग्रुप ए में अपने शीर्ष स्थान को मजबूती प्रदान की। फॉलोऑन के लिए उतरी महाराष्ट्र की टीम रोहित मोटवानी के नाबाद 120 रन के बावजूद जडेजा (55 रन देकर सात विकेट) के सामने 267 रन पर आउट हो गई। इस तरह से सौराष्ट्र को 117 रन का लक्ष्य मिला।

सौराष्ट्र ने नियमित अंतराल में विकेट गंवाये लेकिन देसाई की 44 रन की पारी और अर्पित वासवदा के 28 रन की बदौलत टीम ने पांच विकेट पर 120 रन बनाकर सत्र की अपनी तीसरी जीत दर्ज की। सौराष्ट्र ने अपनी पहली पारी में 398 रन बनाकर महाराष्ट्र को 247 रन पर आउट कर दिया था।

सौराष्ट्र के अब छह मैचों में 25 अंक हो गए हैं। महाराष्ट्र की यह पांच मैचों में दूसरी हार है और उसके सात अंक हैं। सेना ने असम को 10 विकेट से हराकर सात अंक हासिल किया दिवेश पठानिया के पांच विकेट से सेना ने रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप सी के मुकाबले में सोमवार को चौथे दिन यहां असम को 10 विकेट से हराकर सात अंक हासिल किए।

पहली पारी में 185 रन से पिछड़ने वाली असम की टीम ने दिन की शुरूआत दूसरी पारी में तीन विकेट पर 83 रन से की लेकिन 93 रन पर ही उसे को चौथा झटका लगा। इसके बाद गोकुल शर्मा (56) और स्वरूपम पुरकायस्थ (74) ने पांचवें विकेट के लिए 78 रन जोड़कर टीम को पारी की हार से बचाया। इस जोड़ी के टूटते ही उनकी पारी एक बार फिर लड़खड़ा गई और पूरी टीम 256 रन पर आउट हो गई।

पठानिया ने 56 रन देकर पांच विकेट लिये। अरूण बामल और मुज्जफरुद्दीन खालिद को दो-दो सफलता मिली।  सेना को चौथी पारी में जीत के लिए 72 रन का लक्ष्य मिला जिसे उन्होंने बिना किसी नुकसान के हासिल कर लिया। नवनीत सिंह 31 रन पर नाबाद रहे जबकि प्लेयर ऑफ द मैच रजत पालिवाल 39 रन पर नाबाद रहे। पालिवाल ने पहली पारी में 180 रन बनाये थे।


मुंबई ने बड़ौदा से ड्रॉ खेलकर तीन अंक हासिल किए

निचले मध्यक्रम के बल्लेबाजों शुभम रंजने (64), एकनाथ केरकर (नाबाद 56) और शिवम दुबे (76) के अर्धशतकों की मदद से मुंबई ने खराब शुरुआत से उबरकर बड़ौदा के खिलाफ रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप ए मैच सोमवार को यहां ड्रॉ कराया।

मुंबई की आधी टीम 144 रन तक पवेलियन लौट चुकी थी लेकिन इसके बाद रंजने, केरकर और दुबे ने बखूबी जिम्मेदारी संभाली। मुंबई ने अपनी दूसरी पारी सात विकेट पर 307 रन बनाकर पारी समाप्त घोषित की, जिसके बाद दोनों कप्तानों की सहमति से मैच ड्रॉ घोषित कर दिया गया।

मुंबई ने अपनी पहली पारी में 465 रन बनाकर बड़ौदा को 436 रन पर आउट कर दिया था। इस तरह से पहली पारी में बढ़त के आधार पर मुंबई ने तीन अंक हासिल किए लेकिन वर्तमान सत्र में पांच मैच खेलने के बावजूद उसे अब भी पहली जीत की दरकार है।


हिमाचल प्रदेश ने आंध्र प्रदेश को पारी और तीन रन से हराया

गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से हिमाचल प्रदेश ने रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप बी मैच के अंतिम दिन सोमवार को यहां आंध्र प्रदेश को पारी और तीन रन से हराकर बोनस अंक सहित सात अंक हासिल किए। पहली पारी में 287 रन से पिछड़ी आंध्र प्रदेश की टीम एक विकेट पर 175 रन से आगे खेल उतरी और गुरविंदर सिंह (62 रन पर तीन विकेट), मयंक डागर (89 रन पर तीन विकेट) तथा अर्पित गुलेरिया (25 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने दूसरी पारी में 284 रन पर आउट हो गई।

पदार्पण कर रहे सलामी बल्लेबाज सीआर गणानेश्वर ने 89 रन से आगे खेलते हुए 103 रन बनाए जबकि तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे ज्योति साई कृष्णा 82 रन बनाकर नाबाद रहे। कल सलामी बल्लेबाजी डीबी प्रशांत ने भी 52 रन की पारी खेली थी।

इन तीनों के अलावा शोएब मोहम्मद खान (13) ही दोहरे अंक में पहुंच पाए। आंध्र प्रदेश ने अपने अंतिम नौ विकेट सिर्फ 90 रन पर गंवाए। आंध्र प्रदेश ने पहली पारी में 173 रन बनाए थे जिसके जवाब में हिमाचल प्रदेश ने 460 रन का स्कोर खड़ा किया था। इस जीत से हिमाचल के पांच मैचों में 16 अंक हो गए हैं जबकि आंध्र प्रदेश पांच मैचों में पांच अंक के साथ अंतिम पायदान पर चल रहा है।


त्रिपुरा ने गोवा को 10 विकेट से हराकर सत्र की पहली जीत दर्ज की

मणिशंकर मुरासिंह (55 रन पर तीन विकेट) और हरमीत सिंह (46 रन पर तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी से त्रिपुरा ने रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप सी के मुकाबले में सोमवार को यहां गोवा को 10 विकेट से हराकर सात अंक हासिल किए। त्रिपुरा की यह सत्र में छह मैचों में पहली जीत है जबकि गोवा की टीम को अब भी पहली जीत का इंतजार है।

त्रिपुरा द्वारा फालोआन मिलने के बाद गोवा ने दिन की शुरूआत दूसरी पारी में तीन विकेट पर 113 रन रन से की लेकिन मुरासिंह और हरमीत की उम्दा गेंदबाजी के दम पर त्रिपुरा ने उसकी पारी को 173 रन पर समेट दिया। सुयश प्रभुदेसाई ने सबसे ज्यादा 65 रन बनाये जिनके आउट होने के साथ ही टीम ने 19 रन के अंदर आखिरी पांच विकेट खो दिये।

त्रिपुरा को जीत के लिए आठ रन का लक्ष्य मिला जिसे टीम ने महज पांच गेंद में बिना किसी नुकसान के हासिल कर लिया।  इससे पहले त्रिपुरा ने पहली पारी में 358 रन बनाने के बाद गोवा की पारी को 192 रन पर समेट कर फालोआन दिया था।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें