फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रणजी ट्रॉफी दूसरा राउंड: ध्रुव शौर्य-अभिनव मुकुंद का नाबाद शतक, ये रहा तीसरे दिन का राउंड अप

Wed, 14 Nov 2018 10:03 PM IST
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
ranji trophy 2018-19
विज्ञापन

रणजी ट्रॉफी 2018-19 में दूसरे राउंड के तीसरे दिन का खेल आज समाप्त हुआ। आइए नजर डालते हैं दूसरे राउंड के तीसरे दिन के खेल परः

विज्ञापन


एलीट ग्रुप ए
बड़ौदा बनाम महाराष्ट्र 

बड़ौदा ने महाराष्ट्र के खिलाफ 421 रनों की बढ़त हासिल कर ली है। पहली पारी में महाराष्ट्र को 268 रन पर समेटने के बाद बड़ौदा ने दूसरी पारी में 3 विकेट के नुकसान पर 367 रन बना लिए हैं। दीपक हुडा ने 96 रन बनाए।

छत्तीसगढ़ बनाम गुजरात
छत्तीसगढ़ ने गुजरात के खिलाफ अपनी पहली पारी में 366/7 का स्कोर बना लिया है और वो अभी भी गुजरात से 172 रन पीछे हैं। कप्तान हरप्रीत सिंह ने 110 रन बनाए और विशाल कुशवाह 117 रन बनाकर खेल रहे हैं।
विज्ञापन


सौराष्ट्र बनाम रेलवे 
रविंद्र जडेजा ने नाबाद 178 रन बनाकर सौराष्ट्र को पहली पारी में 148 रन की बढ़त दिलाने के बाद तीन विकेट लिये और बुधवार को यहां रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप मैच में रेलवे पर अपनी टीम का पलड़ा भारी रखा। रविंद्र जडेजा की शानदार पारी से सौराष्ट्र ने अपनी पहली पारी में 348 रन बनाये।

जडेजा ने 332 गेंदों का सामना किया तथा 16 चौके और चार छक्के लगाये। रेलवे ने दूसरी पारी में कुछ बेहतर प्रदर्शन किया लेकिन तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक वह आठ विकेट पर 278 रन बनाकर 130 रन की बढ़त ही हासिल कर पाया है। उसकी तरफ से हर्ष त्यागी ही अच्छी बल्लेबाजी कर पाये। वह अभी 73 रन बनाकर खेल रहे हैं। रविंद्र जडेजा ने 104 रन देकर तीन विकेट लिये जबकि एक अन्य स्पिनर धर्मेन्द्रसिंह जडेजा ने 79 रन देकर चार विकेट हासिल किये हैं। 

कर्नाटक बनाम विदर्भ 
कर्नाटक ने अपनी पहली पारी में 378 रन बनाए। इसके जवाब में विदर्भ ने अपनी दूसरी पारी में 72/2 का स्कोर बना लिया है।

एलीट ग्रुप बी

दिल्ली बनाम हिमाचल
ध्रुव शौर्य ने अपनी शानदार फार्म जारी रखते हुए बुधवार को यहां नाबाद शतक जमाया जिससे दिल्ली ने हिमाचल प्रदेश को रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप बी मैच में 376 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य दिया। शौर्य ने नाबाद 106 रन बनाये जबकि गौतम गंभीर ने रन आउट होने से पहले 49 रन की पारी खेली। कप्तान नितीश राणा ने 32 रन का योगदान दिया। इससे दिल्ली ने अपनी दूसरी पारी चार विकेट पर 281 रन पर समाप्त घोषित की। 

अपनी पहली पारी में 223 रन बनाकर 148 रन से पिछड़ने वाली हिमाचल की टीम ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक एक विकेट पर 44 रन बनाये हैं और वह अब भी लक्ष्य से 332 रन पीछे है। फिरोजशाह कोटला की टूटती पिच पर उसके लिये मैच के आखिरी दिन लक्ष्य हासिल करना आसान नहीं होगा। 

हिमाचल ने कप्तान प्रशांत चोपड़ा (एक) का विकेट गंवा दिया है जिन्हें इशांत शर्मा ने बोल्ड किया। स्टंप उखड़ने के समय प्रियांशु खंडूड़ी 22 और अंकुश बैंस 16 रन पर खेल रहे थे।  हिमाचल ने सुबह अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 216 रन से आगे बढ़ायी लेकिन जल्द ही अपने बाकी बचे दोनों विकेट गंवा दिये। इसके बाद दिल्ली की पारी शोरे के इर्द गिर्द घूमती रही जिन्होंने 177 गेंदें खेली तथा दस चौके और दो छक्के लगाये। शोरे का यह प्रथम श्रेणी मैचों में चौथा शतक है। हिमाचल की तरफ से मयंक डागर ने 70 रन देकर तीन विकेट लिये। 

आंध्रा बनाम केरल
आंध्रा के खिलाफ केरल जीत के करीब पहुंच गई है। पहली पारी में आंध्रा ने 254 और केरल ने 328 रन बनाए। दूसरी पारी में आंध्रा का स्कोर 102/8 है। जलज सक्सेना ने 7 विकेट चटकाए।

तमिलनाडु बनाम हैदराबाद
टेस्ट टीम से बाहर चल रहे सलामी बल्लेबाज अभिनव मुकुंद के नाबाद शतक से तमिलनाडु ने हैदराबाद के विशाल स्कोर के जवाब में रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप बी मैच के तीसरे दिन बुधवार को यहां अपनी पहली पारी में दो विकेट पर 163 रन बनाये।

हैदराबाद के कप्तान पी अक्षत रेड्डी (250) अपने कल के स्कोर में केवल दो रन जोड़ पाये। चमा मिलिंद (नाबाद 33) और मेहदी हसन (नाबाद 14) ने नौवें विकेट के लिये 27 रन जोड़े जिसके बाद हैदराबाद ने अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 565 रन के विशाल स्कोर पर समाप्त घोषित की। 

इसके जवाब में मुकुंद और कौशिक गांधी (21) ने पहले विकेट के लिये 80 रन जोड़कर तमिलनाडु को अच्छी शुरुआत दिलायी। मिलिंद ने गांधी को आउट करने के बाद बाबा अपराजित (चार) को भी जल्दी पवेलियन भेज दिया। कप्तान बाबा इंद्रजीत (नाबाद 24) ने हालांकि मुकुंद का अच्छा साथ दिया। ये दोनों अब तक तीसरे विकेट के लिये 69 रन जोड़ चुके हैं। 

बंगाल बनाम मध्यप्रदेश 
मध्य प्रदेश के चोटी के बल्लेबाजों के अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने में नाकाम रहने के कारण बंगाल ने बुधवार को यहां रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप बी मैच में पहली पारी में बढ़त हासिल करने की उम्मीदें बढ़ा दी।

बंगाल ने कल कप्तान मनोज तिवारी के 201 रन की मदद से अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 510 रन बनाकर समाप्त घोषित की थी। मध्य प्रदेश ने इसके जवाब में तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी पहली पारी में पांच विकेट पर 254 रन बनाये हैं और वह अब भी बंगाल से 256 रन पीछे है।

मध्य प्रदेश ने सुबह बिना किसी नुकसान के 15 रन से आगे खेलना शुरू किया। उसकी तरफ से कप्तान नमन ओझा (74), रजत पाटीदार (49), शुभम शर्मा (45) और अंकित दाने (38) ने अच्छी शुरुआत की लेकिन कोई भी बड़ी पारी नहीं खेल पाया। स्टंप उखड़ने के समय यश दुबे 20 और अंकित शर्मा नौ रन पर खेल रहे थे। बंगाल की तरफ से अशोक डिंडा और अनुस्तुप मजूमदार ने दो-दो विकेट लिये हैं। 

 

एलीट ग्रुप सी

त्रिपुरा बनाम असम
त्रिपुरा ने असम के खिलाफ अपनी दूसरी पारी में 68/4 का स्कोर बना लिया है और जीत के लिए उन्हें अभी भी 360 रनों की जरुरत है।

ओडिशा बनाम उत्तर प्रदेश 
अंकित राजपूत और शिवम मावी के तीन-तीन विकेट की मदद से उत्तर प्रदेश ने बुधवार को यहां ओडिशा के सात विकेट 180 रन पर निकालकर रणजी ट्राफी एलीग ग्रुप सी मैच में जीत की तरफ कदम बढ़ाये। 

उत्तर प्रदेश ने सुबह अपनी पहली पारी में 437 रन बनाकर 181 रन की बढ़त हासिल की। पहली पारी में 256 रन बनाने वाला ओडिशा अब भी उत्तर प्रदेश से एक रन पीछे है जबकि उसके केवल तीन विकेट बचे हुए हैं। उत्तर प्रदेश की पारी का आकर्षण कप्तान अक्षदीप नाथ की 159 रन की पारी रही। 

ओडिशा के लिये बसंत मोहंती ने 62 रन देकर छह विकेट लिये। ओडिशा ने दूसरी पारी में नियमित अंतराल में विकेट गंवाये। उसकी तरफ से सुदीप पटनायक ने 46 और शुभ्रांशु सेनापति ने 42 रन बनाये। स्टंप उखड़ने के समय शांतनु मिश्रा 19 रन पर खेल रहे थे। मावी ने 43 और राजपूत ने 48 रन देकर तीन-तीन विकेट लिये हैं जबकि एक विकेट यश दयाल को मिला है। 

गोवा बनाम जम्मू-कश्मीर 
गोवा ने जम्मू-कश्मीर के खिलाफ पहली पारी में 468/9 का स्कोर बनाया। जिसके जवाब में जम्मू-कश्मीर ने अपनी पहली पारी में 246/7 का स्कोर बना लिया है। इरफान पठान 42 रन बनाकर खेल रहे हैं।

सेना बनाम राजस्थान 
राजस्थान ने सेना के 357 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप सी मैच के तीसरे दिन बिना विकेट खोए 95 रन बनाकर अच्छी शुरुआत की। राजस्थान के अमित कुमार गौतम 53 जबकि चेतन बिष्ट 39 रन बनाकर खेल रहे हैं। मेजबान टीम को कल अंतिम दिन जीत के लिए 262 रन और चाहिए जबकि उसके सभी 10 विकेट शेष हैं।

इससे पहले सेना की टीम आज चार विकेट पर 127 रन से आगे खेलने उतरी और उसने दूसरी पारी में राहुल सिंह (107) के शतक और विकास यादव (51) के अर्धशतक की बदौलत 264 रन बनाए।राजस्थान की ओर से नाथू सिंह और राहुल चहर ने तीन-तीन जबकि अनिकेत चौधरी और टीएम उल हक ने दो-दो विकेट चटकाए। सेना ने पहली पारी के आधार पर 92 रन की बढ़त हासिल की थी जिससे राजस्थान को 357 रन का लक्ष्य मिला।
विज्ञापन

प्लेट ग्रुप

उत्तराखंड बनाम मणिपुर 
मैन आफ द मैच तेज गेंदबाज दीपक धोपोला के मैच में 12 विकेट की बदौलत उत्तराखंड ने रणजी ट्राफी प्लेट ग्रुप मैच के तीसरे दिन यहां मणिपुर को आठ विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की।

दीपक (46 रन पर पांच विकेट) ने धारदार गेंदबाजी करते हुए लगातार तीसरी बार पारी में पांच या इससे अधिक विकेट चटकाए जिससे तीसरे दिन एक विकेट पर 143 रन से आगे खेलने उतरी मणिपुर की टीम दूसरी पारी में 185 रन पर सिमट गई। दीपक ने पहली पारी में भी सात विकेट चटकाए थे।

सन्नी राणा ने भी दीपक का अच्छा साथ निभाते हुए 46 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। मणिपुर ने आज 42 रन जोड़कर नौ विकेट गंवाए। सलामी बल्लेबाज लखन रावत टीम के शीर्ष स्कोर रहे जिन्होंने 82 रन बनाए। पहली पारी में 91 की बढ़त हासिल करने वाले उत्तराखंड को 95 रन का लक्ष्य मिला जो उसे दो विकेट पर 99 रन बनाकर हासिल कर लिया। अनुभवी विनीत सक्सेना ने नाबाद 32 जबकि वैभव भट्ट ने 27 रन बनाए। 

इस जीत से उत्तराखंड को छह अंक मिले और उसके दो मैचों में दो जीत से सिक्किम के समान 13 अंक हैं लेकिन नेट रन रेट के आधार पर वह अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है। मणिपुर की दो मैचों में यह दूसरी हार है।

सिक्किम बनाम नागालैंड
सिक्किम ने नागालैंड को 9 विकेट से हराया।

मिजोरम बनाम अरुणाचल प्रदेश
जोरहट में मिजोरम को अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ जीत के लिए 166 रन की जरूरत है। दूसरी पारी में उनका स्कोर 244/2 है। अखिल राजपूत ने 124 रन की पारी खेली।

मेघालय बनाम पुड्डचेरी
पुड्डचेरी में मेघालय ने पुड्डचेरी के खिलाफ पहली पारी में 326 रन बनाए, जिसके जवाब में पुड्डुचेरी ने दूसरी पारी में 95/4 का स्कोर बनाकर 158 रनों की बढ़त हासिल कर ली है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें