सलामी बल्लेबाज हार्विक देसाई (74) और अनुभवी शेल्डन जैक्सन (65) की अर्धशतकीय पारियों तथा दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 118 रन की साझेदारी की बदौलत सौराष्ट्र ने रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए मैच में सोमवार को यहां विदर्भ के खिलाफ पहले दिन पांच विकेट पर 218 रन बना लिए।
टॉस जीत कर बल्लेबाजी करने उतरी सौराष्ट्र ने 20 रन पर दो विकेट गंवा दिये थे लेकिन इसके बाद देसाई और जैक्सन ने संभलकर खेलते हुए स्कोर 130 रन के पार पहुंचाया। देसाई ने 165 गेंद की पारी में नौ चौके लगाये जबकि जैक्सन ने 154 गेंद की पारी में 10 चौके लगाये। स्टंप्स के समय अर्पित वसावड़ा 36 और चिराग जानी एक रन बनाकर खेल रहे थे। विदर्भ की ओर से प्रथम श्रेणी का पहला मैच खेल रहे दांए हाथ के तेज गेंदबाज सुनिकेत बिंगेवर ने तीन विकेट लिए।
मुकुंद की शतकीय पारी से तमिलनाडु बड़े स्कोर की ओर
सलामी बल्लेबाज अभिनव मुकुंद की नाबाद 104 रन की पारी से तमिलनाडु ने रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप बी के मैच में सोमवार को पहले दिन यहां दिल्ली के खिलाफ तीन विकेट पर 215 रन बना लिए। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी तमिलनाडु की शुरूआत अच्छी नहीं रही और 42 रन तक उसने दो विकेट गंवा दिये।
मुकुंद ने इसके बाद कप्तान बाबा इंद्रजीत (86) के साथ तीसरे विकेट के लिए 155 रन की साझेदारी कर टीम को संकट से उबारा। इस साझेदारी को विकास मिश्रा (71 रन पर दो विकेट) ने तोड़ा। मुकुंद ने 244 गेंद की नाबाद पारी में 11 चौके लगाये। इंद्रजीत ने 199 गेंद का सामना किया और अपनी पारी के दौरान 11 चौके लगाये। दिन का खेल खत्म होते समय मुकुंद के साथ विजय शंकर (08) क्रीज पर मौजूद थे। दिल्ली के लिए विकास के दो विकेट के अलावा शिवम शर्मा ने एक विकेट लिया।
पहले दिन 22 विकेट गिरे, बड़ौदा को पहली पारी की बढ़त
विष्णु सोलंकी और दीपक हुड्डा के शानदार अर्धशतकों की मदद से बड़ौदा ने सोमवार को यहां रणजी ट्रॉफी ग्रुप ए रणजी ट्रॉफी मैच में पहली पारी में 111 रन की अहम बढ़त हासिल की, जिसमें पहले ही दिन 22 विकेट गिरे।
कर्नाटक ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया और बड़ौदा ने उसे महज 112 रन के स्कोर पर समेट दिया, उसके लिए कप्तान मनीष पांडे 43 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे। लेकिन इसके बाद मेजबान टीम ने सोलंकी (69 रन) और हुड्डा (60 गेंद में 51 रन) के अर्धशतकों से 223 रन बनाकर पहली पारी की बढ़त हासिल की।
स्टंप तक कर्नाटक ने दूसरी पारी में 13 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिये, इससे वह बड़ौदा से अब भी 98 रन से पीछे है। कृष्णमूर्ति सिद्धार्थ 11 और करुण नायर दो रन बनाकर खेल रहे हैं। बड़ौदा के लिए लुकमान मेरीवाला और भार्गव भट्ट ने तीन तीन तथा ऋषि अरोठे और सोएब ताई ने दो दो विकेट चटकाये। कर्नाटक के लिए श्रेयस गोपाल और शुभांग हेगडे ने चार चार खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा।