कर्नाटक बनाम राजस्थान
कर्नाटक ने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में पहले दिन मंगलवार को राजस्थान को पहली पारी में 224 रनों पर ही ढेर कर दिया। दिन का खेल खत्म होने तक मेजबान टीम ने पांच ओवरों में बिना कोई विकेट खोए 12 रन बना लिए हैं।
रविकुमार समर्थ 7* और डेगा निश्चल 5* रन बनाकर खेल रहे हैं। राजस्थान की तरफ से राजेश विश्नोई ने 119 गेंदों में 10 चौके और दो छक्के की मदद से 79 रन बनाए। वहीं, कर्नाटक की तरफ से अभिमन्यू मिथुन और कृष्णाप्पा गौतम ने 3-3 विकेट लिए। विनय कुमार और श्रेयस गोपाल ने 2-2 विकेट झटके।
सौराष्ट्र बनाम उत्तर प्रदेश
शानदार फॉर्म में चल रहे खब्बू बल्लेबाज रिंकू सिंह (150) की शतकीय पारी की बदौलत उत्तर प्रदेश ने सौराष्ट्र के खिलाफ रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल में शुरुआती झटकों से उबरते हुए सात विकेट पर 340 रन बना लिए थे। पहले दिन का खेल खत्म होने पर सौरभ कुमार 26 और शिवम मावी 28 रन बनाकर क्रीज पर थे।
पहले दिन के खेल का आकर्षण रिंकू रहे, जिन्होंने 54 रन पर चार विकेट गिरने के बाद टीम को संकट से उबारा। उन्होंने प्रियम गर्ग (49) के साथ पांचवें विकेट के लिए 145 और उपेंद्र यादव (26) के साथ छठे विकेट के लिए 85 रन की साझेदारी कर बड़े स्कोर की नींव भी रखी। रिंकू ने अपनी पारी में 181 गेंदों का सामना कर 19 चौके लगाए। उनकी पारी का अंत कमलेश मकवाना ने परमार के हाथों उन्हें कैच करवाकर किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और महज सात रन पर उसने राहुल रावत (00) और मोहम्मद सैफ (00) के विकेट गंवा दिए। इन दोनों को जयदेव उनादकट ने पवेलियन भेजा। कप्तान अक्शदीप नाथ (17) भी ज्यादा देर नहीं टिक सके। उन्होेंने नए ओपनर माधव कौशिक (37) के साथ तीसरे विकेट के लिए 47 रन जोड़े। स्कोर बोर्ड पर अभी 54 रन ही टंगे थे और यह दोनों भी पवेलियन लौट गए। सारौष्ट्र की ओर से धर्मेंद्र जडेजा तीन और उनादकट ने दो विकेट झटके।