भारतीय क्रिकेट बोर्ड कोरोना काल में सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी से घरेलू सत्र की शुरुआत कर चुका है और जल्दी ही इसका विजेता भी मिल जाएगा। उधर बीसीसीआई दूसरे घरेलू टूर्नामेंट के आयोजन को लेकर पूरी तरह से मन नहीं बना पाई है और इसे लेकर अलग-अलग राज्य संघों से सुझाव मांगा है।
बीसीसीआई ने सभी संघों से विजय हजारे ट्रॉफी और रणजी ट्रॉफी में से किसी एक के आयोजन पर उनकी राय मांगी है। कई राज्य संघों ने क्रिकबज को पुष्टि की है कि उन्हें रणजी ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी के बीच अपने पसंदीदा विकल्प के रूप में चुनने के लिए बोर्ड सचिव जय शाह से कॉल आई थी। बीसीसीआई जनवरी के अंत तक किसी एक प्रतियोगिता के आयोजन पर अंतिम मुहर लगाने की कोशिश में है।
उधर अधिकतर मुंबई, ओडिशा समेत कई राज्य संघ समय के अभाव का हवाला देकर विजय हजारे वनडे टूर्नामेंट के आयोजन को अपना समर्थन दे रहे हैं। लेकिन आंध्र प्रदेश रणजी के आयोजन के पक्ष में है।
बता दें कि अप्रैल में आईपीएल के 14वें सीजन का आयोजन तय है, ऐसे में बीसीसीआई के पास किसी भी घरेलू टूर्नामेंट के आयोजन के लिए सिर्फ दो महीने का ही समय बाकी है। इन सबको ध्यान में रखते हुए अधिकतर संघ छोटे फॉर्मेट के टूर्नामेंट पर सहमति जाता रहे हैं।