लॉकडाउन की वजह से रामायण दूरदर्शन पर फिर से टेलिकास्ट हो रहा है। कमाल की बात ये है यह धार्मिक शो पहले की तरह बेहद पसंद किया जा रहा है। आम-आदमी से लेकर सेलिब्रिटिज तक हर कोई पूरे परिवार के साथ इस ऐतिहासिक सीरीज को सुबह 9 बजे और रात 9 बजे देखते हैं।
इसी दौरान भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज और दिग्गज खिलाड़ी वीरेंद्र सहवाग ने रामायण के एक किरदार को अपनी बल्लेबाजी के लिए प्रेरणा बता दिया। वीरू की माने तो उनकी बल्लेबाजी की प्रेरणा के पीछे रामायण के किरदार अंगद हैं।
सहवाग ने रविवार रात अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर दो तस्वीरें पोस्ट की हैं, जिसमें अंगद के पैर को कोई हिला भी नहीं पा रहा है। कैप्शन में लिखा है, 'जहां से मैंने अपनी बल्लेबाजी की प्रेरणा ली। पैर हिलाना मुश्किल ही नहीं, नामुमकिन है। अंगद जी रॉक्स'
दरअसल, रविवार की रात ही दूरदर्शन पर रामायण का ये एपिसोड प्रसारित किया गया था, जिसमें अंगद ने अपना पैर रावण की सभा में जमा दिया था। दृश्य उस वक्त का है, जब भगवान श्रीराम ने युद्ध संधि के लिए अपने शांति दूत के रूप में अंगद को लंका भेजा था।
अंगद की ही तरह वीरेंद्र सहवाग जब भी क्रीज पर डट जाते थे तो विरोधियों के छक्के छुड़ा देते थे। यूं ही नहीं सहवाग टेस्ट क्रिकेट में दो तिहरे शतक जमाने वाले भारत के एकमात्र क्रिकेटर हैं।