बांग्लादेश स्पिनर रकीबुल हसन ने इस अंडर-19 विश्व कप की पहली हैट्रिक ली। अपने खिलाड़ियों के दमदार खेल के बूते बांग्लादेश ने स्कॉटलैंड को सात विकेट से मात दी। ग्रुप सी के मुकाबले में स्कॉटलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी, लेकिन टीम 30.3 ओवर में 89 रन पर सिमट गई। स्कॉटलैंड के आठ बल्लेबाज तो दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू पाए।
17 वर्षीय रकीबुल हसन ने अपने कोटे के चौथे और स्कॉटलैंड की पारी के 24वें ओवर की तीसरी, चौथी और पांचवीं गेंद पर विकेट झटके। इसी के साथ उन्होंने अंडर 19 वर्ल्ड कप 2020 की पहली हैट्रिक अपने नाम की। रकीबुल ने कुल 5.3 ओवर्स में 20 रन खर्च करते हुए चार शिकार किए।
शोरिफुल इस्लाम और तंजीम हसन ने 2-2 विकेट अपने नाम किए। शमीम हुसैन और मृत्युजंय चौधरी को 1-1 विकेट मिला। 90 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेशी टीम ने 16.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। सात विकेट से इस जीत में परवेज हुसैन और शमीम हुसैन ने बल्ले से दमदार खेल दिखाया।