बारिश और खराब मौसम के कारण दिल्ली और पंजाब का मुकाबला भी बेनतीजा रहा। दिल्ली को पहली पारी में बढ़त के आधार पर तीन अंक मिले। उसने पंजाब के 313 रन के जवाब में पहली पारी में 339 रन बनाए थे। इसके बाद दिल्ली ने दूसरी पारी में पंजाब के चार विकेट 44 रन पर निकाल दिए जिससे मैच रोमांचक बन गया था। पर बारिश के कारण आखिरी दिन एक भी गेंद नहीं डाली जा सकी।
हिमाचल-एमपी मैच के अंतिम दिन हुआ सिर्फ 28 ओवर का खेल
हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश के मुकाबले में अंतिम दिन बारिश के चलते सिर्फ 28 ओवर का खेल हो सका। ड्रॉ रहे मैच में पहली पारी के आधार पर मध्य प्रदेश को तीन अंक मिले। हिमाचल को एक से संतोष करना पड़ा। मध्य प्रदेश ने हिमाचल प्रदेश के 175 रन के जवाब में पहली पारी नौ विकेट पर 427 रन बनाकर समाप्त घोषित की थी। हिमाचल ने अपनी दूसरी पारी में पांच विकेट पर 285 रन बनाए। उसकी पारी का आकर्षण कप्तान अंकित कलसी (115) का शतक रहा। अकाश वशिष्ठ ने 84 और निखिल गंगटा ने नाबाद 48 रन की पारी खेली।
जेएंडके ने झारखंड को पारी और 27 रन से रौंदा
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज आकिब नबी (5/38) की उम्दा गेंदबाजी से जम्मू एंड कश्मीर ने झारखंड को पारी और 27 रन से रौंदकर तीसरी जीत दर्ज की।झारखंड ने अंतिम दिन चार विकेट पर 103 रन से आगे खेलना शुरू किया और 26.4 ओवर में 52 रन जोड़कर पूरी टीम 155 रन पर पवेलियन लौट गई। उसके अंतिम छह बल्लेबाजों में से कोई भी दोहरे अंक तक नहीं पहुंच सका। इशांक जग्गी ने 34 रन बनाए। झारखंड की चार मैचों में यह पहली हार है। जेएंड के लिए मोहम्मद मुदासिर और आबिद मुश्ताक ने दो-दो विकेट लिए। झारखंड के पहली पारी के 259 रन के जवाब में जम्मू एंड कश्मीर ने 441 रन बनाए थे। दोनों पारियों में दस विकेट लेने वाले आकिब मैन ऑफ द मैच रहे।
हरियाणा ने छत्तीसगढ़ को 89 रन से हराकर तीसरी जीत दर्ज की। हरियाणा ने छत्तीसगढ़ को जीत के लिए 263 रन का लक्ष्य दिया था। छत्तीसगढ़ ने अंतिम दिन तीन विकेट पर 33 रन से पारी आगे बढ़ाई और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। इससे पूरी टीम 50.5 ओवर में 173 रन पर सिमट गई। अवनीश धालीवाल (69), अमनदीप खरे (38), प्रताप सिंह (19) और पंकज राव (15) को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज दोहरे अंक तक नहीं पहुंच सका। हरियाणा की ओर से तेज गेंदबाज सुमित कुमार ने तीन जबकि हर्षल पटेल, आशीष हुड्डा और टिनू कुंडू ने दो-दो विकेट चटकाए। हरियाणा को इस जीत से छह अंक मिले और वह 21 अंकों के साथ ग्रुप सी में दूसरे स्थान पर है। इसके अलावा बंगाल और गुजरात का मुकाबला ड्रॉ रहा।