Kings eleven Punjab vs Rajasthan Royals
राजस्थान टीम सोमवार को यहां पंजाब के खिलाफ 12वीं इंडियन टी-20 लीग के अपने शुरुआती मुकाबले में आमने-सामने होंगी तो उसके ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ की निगाहें क्रिकेट में शानदार वापसी पर लगी होगी।
स्मिथ और डेविड वॉर्नर पर दक्षिण अफ्रीका में गेंद से छेड़छाड़ प्रकरण के बाद पिछले साल एक वर्ष का प्रतिबंध लगा था। स्मिथ पिछले साल बांग्लादेश प्रीमियर लीग के दो मैचों में खेलते दिखे थे लेकिन कोहनी की चोट के कारण वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए। यह प्रतिबंध केवल राज्य और अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट तक ही सीमित था, घरेलू क्रिकेट या क्लब क्रिकेट के लिए लागू नहीं था।
वापसी के लिए इंडियन टी-20 लीग सही मायने में शुरुआत होगी और स्मिथ इंग्लैंड में 30 मई से होने वाले विश्व कप से पहले इसका फायदा उठाने का प्रयास करेंगे। स्मिथ हालांकि अभी तक कोहनी की चोट से पूरी तरह से नहीं उबर सके हैं और फिटनेस हासिल करने में उन्हें थोड़ा और समय लगेगा। अजिंक्य रहाणे की अगुआई वाली राजस्थान इस सत्र की सर्वश्रेष्ठ टीमों में से एक है और वे सोमवार को घरेलू हालात का फायदा उठाने के लिए बेताब होंगे।
इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स और जोस बटलर भी टीम का हिस्सा हैं लेकिन ये 25 अप्रैल के बाद उपलब्ध नहीं हो पायेंगे क्योंकि इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने विश्व कप के लिए फरमान जारी किया हुआ है। इसलिए राजस्थान की टीम तब तक ज्यादा से ज्यादा मैच जीतना चाहेगी।