राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 6 में स्पॉट फिक्सिंग से मिले बदनुमा दाग को धोते हुए चैंपियंस लीग के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है।
जयपुर में हुए लो स्कोरिंग मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने पर्थ स्कोचर्स को नौ विकेट से हराकर चैंपियंस लीग टी-20 टूर्नामेंट के अंतिम चार में जगह बना लिया है।
राहुल द्रविड़ की अगुवाई वाली टीम की शानदार जीत में तेज गेंदबाज केवोन कूपर (4-18) की कहर बरपाती गेंदबाजी के बाद अजिंक्य रहाणे (62) और संजू सैमसन (50) के बीच दूसरे विकेट के लिए हुई 120 रन की नाबाद साझेदारी का अहम योगदान है।
दूसरी तरफ इस हार के बाद पर्थ स्कोचर्स की टीम सेमीफाइनल की होड़ से बाहर हो गई।
पहले बल्लेबाजी करते हुए मेहमान टीम 20 ओवर में 120 रन के मामूली स्कोर पर ढेर हो गई। जवाब में राजस्थान ने 16.3 ओवर में मात्र एक विकेट पर 121 रन बनाकर आसानी से जीत हासिल कर ली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और कप्तान राहुल द्रविड़ पारी के पहले ही ओवर में बिना खाता खोले आउट हो गए। उस समय टीम का स्कोर मात्र एक रन था।
लेकिन, इसके बाद रहाणे और सैमसन ने टीम को आसानी से लक्ष्य तक पहुंचा दिया। रहाणे ने 53 गेंदों में पांच चौके और दो छक्के की मदद से 62 जबकि सैमसन ने 42 गेंदों में छह चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 50 रन की पारी खेली।
हाईवेल्ड की चुनौती खत्म
न्यूजीलैंड के ओटागो वोल्ट्स ने चैंपियंस लीग टी-20 के पहले सुपर ओवर मुकाबले में बेहद रोमांचक संघर्ष में दक्षिण अफ्रीका के हाईवेल्ड लॉयंस को हरा दिया।
ओटागो ने इस जीत के बाद जहां सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदें कायम रखी वहीं लॉयंस इस हार के साथ टूर्नामेंट से बाहर हो गई। लॉयंस का अभियान चार मैचों में दो अंकों के साथ समाप्त हुआ।
निर्धारित समय में लॉयंस ने चार विकेट पर 167 रन बनाए जबकि ओटागो ने भी सात विकेट पर इतने ही रन बनाए। सुपर ओवर में ओटागो ने 13 रन बनाए। इसके जवाब में लॉयंस की टीम भी 13 रन बनाने में सफल रही लेकिन वह मुकाबला हार गई।