आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हिस्सा रहे महिपाल लोमरोर ने गुरुवार को बड़ा कारनामा किया। राजस्थान के इस बल्लेबाज ने दूसरे दिन तिहरा शतक जड़कर सभी को हैरान कर दिया। उत्तराखंड के खिलाफ जारी मुकाबले में उन्होंने 83.33 के स्ट्राइक रेट से 300 रनों की दमदार पारी खेली। इस दौरान महिपाल ने 25 चौके और 13 छक्के लगाए। उनके अलावा कार्तिक शर्मा ने भी शतक लगाया। उन्होंने 11 चौकों और छह छक्कों की मदद से 113 रन बनाए।
जमकर दहाड़े लोमरोर
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे महिपाल ने दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने तिहरा शतक जड़कर फैंस का दिल जीत लिया। यह उनके फर्स्ट क्लास करियर का उच्चतम स्कोर है। इससे पहले इस प्रारूप में उन्होंने 133 रनों की बड़ी पारी खेली थी। लोमरोर ने इस दौरान कार्तिक शर्मा (113) के साथ पांचवें विकेट के लिए 177 रन जोड़े। कार्तिक अपने कल के स्कोर मे बिना कोई रन जोड़े दिन के पहले ओवर में आउट हो गए। इसके बाद लोमरोर ने विकेटकीपर भरत शर्मा (54) के साथ छठे विकेट के लिए 116 रन जोड़े। दीपक चाहर ने भी 38 गेंद में 35 रन की पारी खेली। लोमरोर ने कुकना अजय सिंह (40) के साथ भी आठवें विकेट के लिए 118 रन की अटूट साझेदारी की।
राजस्थान ने पहली पारी सात विकेट पर 660 रन बनाकर घोषित की
इस मैच से पहले लोमरोर के नाम फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सात शतक और 16 अर्धशतक दर्ज थे। इसके अलावा उनके नाम 3000 से ज्यादा रन थे। इस बल्लेबाज ने आज अपने करियर का पहला तिहरा शतक जड़ा। उनकी पारी की बदौलत राजस्थान ने पहली पारी सात विकेट पर 660 रन बनाकर घोषित की। इसके जवाब में उत्तराखंड ने दिन का खेल खत्म होने तक दो विकेट पर 109 रन बना लिए हैं। दिन का खेल खत्म होने पर उत्तराखंड के कप्तान रविकुमार समर्थ और स्वप्निल सिंह क्रमश: 50 और 17 रन बनाकर खेल रहे थे। मेजबान टीम अब भी राजस्थान से 551 रन से पीछे है। बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाजी भी करने वाले लोमरोर ने दिन की शुरुआत 141 रन से करने के बाद 253 गेंद में दोहरा शतक पूरा किया। मेहमान टीम ने लोमरोर के दोहरा शतक पूरा करने के तुरंत बाद पारी घोषित कर दी।