भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को चेन्नई में होने वाले पहले वनडे पर बारिश का खतरा बरकरार है। पिछले दो दिनों से एम ए चिदंबरम स्टेडियम में जोरदार बारिश हो रही है। इसी बीच भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और पाकिस्तानी कप्तान मिस्बा उल हक ने तीन मैचों की सीरीज के लिए एयरटेल ट्राफी का शनिवार को अनावरण किया।
शहर में हो रही लगातार वर्षा से एम.ए. चिदम्बरम स्टेडियम में होने वाले वनडे पर आशंका की तलवार लटक गई है। दोनों कप्तानों ने ताज महल होटल ट्राफी का अनावरण किया जहां दोनों टीमें ठहरी हुई है। वर्षा के कारण दोनों टीमों का दोपहर बाद स्टेडियम में होने वाला नेट अभ्यास पहले ही रद्द किया जा चुका है। इस बीच मैच को लेकर सुरक्षा के कडे इंतजाम किए गए हैं और 7500 पुलिसकर्मियों को सुरक्षा में तैनात किया गया है। मेजबान तमिलनाडु क्रिकेट संघ ने घोषणा की है कि मैच के सारे टिकट बिक चुके हैं।