रहमानुल्लाह गुरबाज (87) की उम्दा पारी और राशिद खान (28 रन देकर 3 विकेट) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत अफगानिस्तान ने पहले टी-20 मैच में जिम्बाब्वे को 48 रनों से हरा दिया। इसके साथ ही अफगानिस्तान ने तीन मैचों की टी-20 में 1-0 की बढ़त बना ली है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 198 रन बनाए। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम सात विकेट खोकर 150 रन ही बना सकी और मैच हार गई। मैच में बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए रहमानुल्लाह गुरबाज को मैन ऑफ द मैच चुना गया। अगर मैच की बात करें तो गुरबाज और करीम (26) की सलामी जोड़ी ने अफगानिस्तान को शानदार शुरुआत दिलाई। गुरबाज ने 45 गेंदों में छह चौके और सात छक्के की मदद से 87 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। पहले विकेट के लिए इन दोनों बल्लेबाजों के बीच 80 रनों की साझेदारी हुई। वहीं, असगर अफगान ने 38 गेंदों में छह चौके और दो छक्के की मदद से 55 रन बनाए।