बाएं हाथ की स्पिनर राधा यादव भारतीय टीम में वापसी करने में सफल रही हैं और उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ पांच टी20 और तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए टीम में शमिल किया गया है। राधा इस दौरे पर चोटिल शुचि उपाध्याय की जगह शामिल हुई हैं। दोनों देशों के बीच 28 जून से इस दौरे की शुरुआत हो रही है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी है।
शुचि को पिंडली में लगी है चोट
बीसीसीआई ने बताया कि 20 वर्षीय स्पिनर शुचि को बायीं पिंडली में चोट लगी है। शुचि ने पिछले महीने श्रीलंका में त्रिकोणीय सीरीज के दौरान वनडे में पदार्पण किया था। बीसीसीआई ने कहा, महिला चयन समिति ने इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम शुचि उपाध्याय की जगह राधा यादव को शामिल किया है। शुचि को बाएं पिंडली में चोट लगने के कारण दौरे से बाहर होना पड़ा। इस चोट का पता बेंगलुरु में बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में दौरा पूर्व शिविर के दौरान चला।
सीरीज का कार्यक्रम
महिला टीम का दौरा 28 जून को नॉटिंघम में टी-20 मैच से शुरू होगा, जबकि दूसरा मैच एक जुलाई को ब्रिस्टल में होगा। तीसरा टी-20 मैच चार जुलाई को ओवल में, चौथा मैच नौ जुलाई को मैनचेस्टर में और पांचवां मैच 12 जुलाई को बर्मिंघम में होगा। तीन वनडे मैच क्रमशः 16, 19 और 22 जुलाई को साउथम्प्टन, लॉर्ड्स और चेस्टर-ली-स्ट्रीट में खेले जाएंगे।
भारत की टी20 टीम:
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), हरलीन देयोल, दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, श्री चरणी, राधा यादव, अमनजोत कौर, अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़, सयाली सतघरे।
भारत की वनडे टीम:
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), प्रतिका रावल, हरलीन देयोल, जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), तेजल हसब्निस, दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, श्री चरणी, अमनजोत कौर, अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़, सयाली सतघरे, राधा यादव।