अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का साथ छोड़ने की खबरें और आईपीएल ट्रेड की अटकलों पर चुप्पी तोड़ी है। अश्विन ने बताया है कि उन्होंने 2026 सीजन को देखते हुए फ्रेंचाइजी से स्पष्टीकरण मांगा है। अश्विन को आईपीएल 2025 के लिए हुई मेगा नीलामी में सीएसके ने 9.75 करोड़ रुपये में खरीदा था। यह उनके लिए घर वापसी जैसा था।
उम्मीद के अनुरूप नहीं रहा पिछला सीजन
अश्विन का आईपीएल का पिछला सीजन उम्मीद के अनुरूप नहीं रहा क्योंकि वह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके थे। अश्विन ने आईपीएल 2025 में नौ मुकाबले खेले और 40.43 के औसत से सिर्फ सात विकेट ही ले सके। उन्होंने इस दौरान 33 रन बनाए। हाल ही में ऐसी खबरें आई थी कि अश्विन ने सीएसके के साथ अपने भविष्य को लेकर चर्चा की है और वह टीम के साथ अपनी राहें जुदा कर सकते हैं।
अपने यू-ट्यूब चैनल पर अश्विन ने इसे लेकर चुप्पी तोड़ी है। अश्विन ने याद किया कि कैसे राजस्थान रॉयल्स के साथ अपने समय के दौरान उन्हें फ्रेंचाइजी द्वारा उनके साथ अपनी योजनाओं के बारे में सूचित किया गया था। अश्विन ने कहा, मैं राजस्थान रॉयल्स के लिए तीन साल खेला। पहले साल के बाद मुझे सीईओ का एक ईमेल मिला जिसमें लिखा था कि यह आपका प्रदर्शन है, यह हमारी अपेक्षाएं हैं और हम आपका अनुबंध नवीनीकृत कर रहे हैं। हर सीजन के बाद यह फ्रेंचाइजी की जिम्मेदारी होती है कि वह खिलाड़ी को बताए कि वे उसे रिटेन कर रहे हैं या रिलीज।
अश्विन बोले- हर खिलाड़ी को अपनी इच्छा जाहिर करने का अधिकार
अश्विन ने कहा कि हर खिलाड़ी को फ्रेंचाइजी के सामने अपनी इच्छा जाहिर करने का अधिकार है कि उसे रिटेन किया जाएगा या नहीं। इस स्पिनर ने कहा कि फिलहाल उनका भविष्य उनके हाथ में नहीं है और संजू सैमसन से जुड़ी अफवाहों समेत कोई भी अटकलें खिलाड़ी की तरफ से नहीं आ रही है। अश्विन ने कहा, मेरे या सैमसन के बारे में खबरों के संबंध में जाहिर है कि एक खिलाड़ी को अपनी रुचि व्यक्त करने का अधिकार है, चाहे वह रिटेन होना चाहे या नहीं। हर खिलाड़ी स्पष्टता चाहता है। मौजूदा स्थिति में, यह मेरे हाथ में नहीं है। मैंने बस स्पष्टता मांगी है। हम जिस स्थिति में हैं चारों ओर जो भी खबरें चल रही हैं, उनमें से कोई भी खिलाड़ियों की ओर से नहीं आ रही है। सैमसन की खबर भी या तो अफवाह है या फिर फ्रेंचाइजी के हवाले से है। मुझे नहीं पता कि यह खबर कौन बना रहा है।