पाकिस्तान के ओपनर आबिद अली को मंगलवार को कायदे आजम ट्रॉफी के एक मैच के दौरान अस्पताल ले जाना पड़ा। उन्हें सीने में दर्द की शिकायत थी। यह घटना पाकिस्तान के घरेलू टूर्नामेंट के सेंट्रल पंजाब और खैबर पख्तुन्ख्वा के मैच के दौरान घटी। यह मैच कराची के यूनाइटेड बैंक लिमिटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेला जा रहा था।
34 साल के आबिद की फिलहाल अस्पताल में जांच की जा रही है। साथ ही उनके कई मेडिकल टेस्ट भी लिए गए हैं। टीम मैनेजर अशरफ अली के मुताबिक, दाएं हाथ के बल्लेबाज आबिद ने अस्पताल आने से पहले दो बार सीने में तेज दर्द की शिकायत की थी। अशरफ ने बताया कि मंगलवार सुबह वह 61 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे। तभी उन्होंने अपनी परेशानी के बारे में बताया।
अशरफ ने कहा कि उस वक्त हमें आबिद को अस्पताल ले जाना ही बेहतर लगा। अस्पताल में उनकी फिलहाल कई तरह की जांच चल रही है। पाकिस्तान के जियो न्यूज के मुताबिक आबिद की तबियत फिलहाल ठीक है। उनका ईसीजी नॉर्मल रहा और इको टेस्ट भी किया जा रहा है।
लाहौर में जन्मे आबिद कायदे आजम के मैच के दौरान अपने ओपनिंग पार्टनर रिजवान हुसैन के साथ बल्लेबाजी कर रहे थे। अपनी 61 रन की पारी के दौरान उन्होंने 9000 फर्स्ट क्लास रन भी पूरे किए। आबिद ने अब तक पाकिस्तान के लिए 16 टेस्ट और 6 वनडे खेले हैं।
आबिद पिछले कुछ दिनों से शानदार फॉर्म में हैं। बांग्लादेश के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई सीरीज में उन्होंने टेस्ट करियर का छठा शतक लगाया था। वहीं, कायदे आजम टूर्नामेंट में सिंध के खिलाफ मैच की पहली पारी में आबिद ने 98 रनों की पारी खेली थी।