पंजाब किंग्स ने बड़ा फैसला लेते हुए शुक्रवार को दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल को टीम से बाहर कर दिया। फ्रेंचाइजी ने अगले महीने होने वाली मिनी नीलामी से पहले मैक्सवेल के साथ आरोन हार्डी, भारत के तेज गेंदबाज कुलदीप सेन और विकेटकीपर-बल्लेबाज विष्णु विनोद को भी रिलीज कर दिया।
आईपीएल 2025 में सिर्फ 48 रन बना पाए मैक्सवेल
आईपीएल 2025 में मैक्सवेल का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। सात मैचों में वह केवल 48 रन बना सके और चार विकेट हासिल कर पाए। इसी दौरान उन्हें अंगुली में चोट लगी, जिसके चलते वह बाकी टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। उनकी जगह ऑस्ट्रेलिया के मिचेल ओवेन को टीम में शामिल किया गया था।
एक मैच भी नहीं खेल सके हार्डी
आरोन हार्डी को पंजाब किंग्स ने 1.25 करोड़ रुपए में खरीदा था लेकिन वह एक भी मैच खेलने का मौका नहीं पा सके। वहीं, कुलदीप सेन और विष्णु विनोद भी पूरे सीजन बेंच पर बैठे रहे और मैदान पर उतरने का अवसर नहीं मिला। बता दें कि, आईपीएल 2026 की मिनी नीलामी 16 दिसंबर को अबू धाबी में आयोजित की जाएगी, जहां पंजाब किंग्स इन खाली स्लॉट को भरने की कोशिश करेगी।