पंजाब की तेज शुरुआत
पंजाब की टीम अपने घरेलू मैदान पर टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी के लिए आई थी। शिखर धवन और प्रभसिमरन सिंह ने पारी की शुरुआत की। प्रभसिमनर ने 12 गेंद में 23 रन बनाकर अपनी टीम को आक्रामक शुरुआत दी। उनके आउट होने के बाद शिखर धवन और भानुका राजपक्षे ने पारी संभाली। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 86 रन जोड़े। राजपक्षे 32 गेंद में 50 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, पंजाब की रन गति पर कोई फर्क नहीं पड़ा। जीतेश शर्मा ने 11 गेंद में 21, सिकंदर रजा ने 13 गेंद में 16 और सैम करन ने 17 गेंद में नाबाद 26 रन की पारी खेली अपनी टीम को मैच में बनाए रखा।
कप्तान शिखर धवन भी 29 गेंद में 40 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन शाहरुख खान ने अंत में सात गेंद में नाबाद 11 रन बनाकर टीम का स्कोर पांच विकेट पर 191 रन तक पहुंचा दिया। एक समय पर लग रहा था कि पंजाब की टीम आसानी से 200 रन का आंकड़ा पार करेगी, लेकिन राजपक्षे का विकेट गिरने के बाद इस टीम की रन गति कम हुई और 200 का स्कोर यह टीम नहीं बना पाई।
कोलकाता के लिए टिम साउदी ने दो विकेट लिए, लेकिन चार ओवर में 54 रन लुटा दिए। वहीं, उमेश यादव, सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती ने एक-एख विकेट लिया। हालांकि, टीम के तीन गेंदबाजों का इकोनॉमी रेट 10 से ज्यादा का रहा। सिर्फ उमेश ने 6.80 और वरुण चक्रवर्ती ने 6.50 के इकोनॉमी रेट से रन दिए।
खराब रोशनी के कारण रुका मैच
कोलकाता की पारी शुरू होने से पहले मैदान में लगे पोल में बिजली की आपूर्ती बाधित हो गई। इस वजह से लगभग आधे घंटे तक मैच रुका रहा। जब कोलकाता की पारी शुरू हुई तो पंजाब ने ऋषि धवन को इंपैक्ट प्लेयर के रूम में मैदान में उतारा। वहीं, विकेट गिरने के बाद कोलकाता ने वेंकटेश अय्यर को अपना इंपैक्ट प्लेयर चुना।
खराब शुरुआत से उबर नहीं पाई कोलकाता
192 रन का पीछा करते हुए कोलकाता की शुरुआत बेहद खराब रही। मनदीप सिंह चार गेंद में दो रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद अनुकूल रॉय भी पांच गेंद में चार रन बनाकर चलते बने। अर्शदीप ने एक ही ओवर में दोनों को आउट कर कोलकाता को बैकफुट में ढकेल दिया। इसके बाद कोलकाता की टीम ने वरुण चक्रवर्ती की जगह वेंकटेश अय्यर को अपनी टीम में इंपैक्ट प्लेयर के रूप में शामिल किया।
वेंकेटेश चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए। हालांकि, उनके आने के बाद ही गुरबाज 16 गेंद में 22 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद कप्तान राणा ने वेंकटेश के साथ मिलकर पारी संभाली। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 46 रन जोड़े। इसके बाद नीतीश राणा भी 17 गेंद में 24 रन बनाकर आउट हो गए। रिंकू सिंह भी चार रन बनाकर चलते बने और कोलकाता की टीम मुश्किल में आ गई। हालांकि, आद्रे रसेल ने 19 गेंद में 35 रन बनाकर अपनी टीम की मैच में वापसी कराई। उन्होंने छठे विकेट के लिए वेंकटेश के साथ 50 रन जोड़े।
कोलकाता की पारी के 15वें ओवर में रसेल आउट हुए और अगले ओवर में वेंकटेश भी 28 गेंद में 34 रन बनाकर आउट हो गए। कोलकाता की टीम मुश्किल में थी, लेकिन शार्दुल ने पहली ही गेंद पर छक्का लगाया। वहीं, नौवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए नरेन ने दो गेंद में सात रन बनाकर अपनी टीम का स्कोर 16 ओवर में 146 रन कर दिया।
अब कोलकाता को जीत के लिए 24 गेंद में 46 रन चाहिए थे, जबकि उसके तीन विकेट बचे थे। शार्दुल और नरेन की जोड़ी कोलकाता को जीत दिला सकती थी, लेकिन तभी बारिश तेज हो गई। इस समय कोलकाता की टीम डकवर्थ लुईस नियम के तहत सात रन से पीछे थी। मैच में आगे कोई खेल नहीं हो सका और पंजाब ने सात रन से मुकाबला अपने नाम किया।
पंजाब के लिए सबसे ज्यादा तीन विकेट अर्शदीप सिंह ने लिए। सैम करन, नाथन एलिस, सिकंदर रजा और राहुल चाहर को एक-एक विकेट मिला।