ऑस्ट्रेलिया के हाथों पुणे में पहला टेस्ट मैच 333 रनों से हारने के बाद चौतरफा आलोचना झेल रही भारतीय टीम को क्रिकेट के भगवान का साथ मिला है। दरअसल ऑस्ट्रेलिया के हाथों शनिवार को मिली शर्मनाक हार के बाद विराट कोहली की अगुआई वाली टीम इंडिया को मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर अपना समर्थन दिया है। सचिन ने कहा है कि टीम इंडिया वापसी करेगी। उन्होंने कहा कि अभी तो केवल एक मैच ही हुआ है पूरी सरीज अभी बाकी है।
रविवार को मुंबई में हुई मैराथन को हरी झंडी दिखाने आए सचिन ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि चार टेस्ट मैचों की सीरीज में अभी कुछ भी तय नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि पुणे में काफी कड़ा मुकाबला था। लेकिन यह खेल का एक हिस्सा है। इस हार से यह न समझा जाए कि हमने सीरीज गवां दी। सीरीज में अभी भी तीन मैच बाकी है।
सचिन ने कहा, "मुझे पता है कि भारतीय टीम वापसी करेगी और ऑस्ट्रेलिया को भी इस बारे में पता है। क्योंकि जब हम उन्हें हराते हैं तो हमें भी पता होता है कि वे कड़ी वापसी करेंगे।" गौरतलब है कि पुणे टेस्ट में विराट सेना कंगारुओं के सामने ताश के पत्तों की तरह ढह गई।
भारतीय टीम को विराट की कप्तानी में 19 टेस्ट मैच के बाद पहली हार का सामना करना पड़ा है। भारतीय टीम दोनों पारियों में 50 ओवर भी नहीं खेल पाई। पहली पारी में टीम इंडिया 40.1 ओवर में 105 और दूसरी पारी में 33.5 ओवर में मजह 107 रन बना सकी। मैच के तीसरे दिन ही भारत को हार का सामना करना पड़ा।