ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क और दक्षिण अफ्रीका के टेस्ट कप्तान ग्रीम स्मिथ को आईपीएल में खेलने के लिए एक बार फिर से नीलामी की प्रक्रिया से गुजरना होगा क्योंकि पुणे वारियर्स ने इन्हें बरकरार नहीं रखने का फैसला किया है। पुणे की टीम ने इसके अलावा न्यूजीलैंड के आलराउंडर जेसी राइडर को भी रिलीज कर दिया है और केवल छह विदेशी खिलाड़ियों को ही बरकरार रखा है।
आईपीएल कमेटी द्वारा बृहस्पतिवार को जारी मीडिया रिलीज से यह बात भी साफ हो गई है कि मुंबई इंडियंस ने हरभजन सिंह को और चेन्नई सुपर किंग्स ने रविंद्र जडेजा को बरकरार रखा है। इन दोनों खिलाड़ियों पर पिछले कुछ समय से अटकलें लग रही थीं कि फ्रेंचाइजी इन्हें टीम में बरकरार रखने के मूड में नहीं हैं।
हैदराबाद फ्रेंचाइजी के नए मालिक सन टीवी ने ऑस्ट्रेलियाई आलराउंडर डेनियल क्रिस्टियन को रिलीज कर दिया है। क्रिस्टियन को डेक्कन चार्जर्स ने 2011 में नौ हजार डॉलर में खरीदा था। आईपीएल टीमों में राजस्थान रॉयल्स ने सबसे कम 14 खिलाड़ियों को बरकरार रखा है जबकि मुंबई इंडियंस ने सर्वाधिक 27 खिलाड़ियों को टीम में बनाए रखा है। इसके अलावा मौजूदा चैंपियन कोलकाता ने 22, पंजाब ने 19 और दिल्ली ने 18 खिलाड़ियों को बरकरार रखा है। दिल्ली ने अपने सभी सातों विदेशी खिलाड़ियों को बरकरार रखा है लेकिन राजस्थान के रोबिन बिष्ट को उसने बाहर कर दिया है।