पंजाब किंग्स ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, ''पंजाब किंग्स फ्रेंचाइजी की कप्तानी से संबंधित रिपोर्ट कई खेल वेबसाइट द्वारा प्रकाशित की गई। हम यह बताना चाहेंगे कि टीम के किसी भी अधिकारी ने इस पर कोई बयान जारी नहीं किया है।" मयंक अग्रवाल को आईपीएल 2022 से पहले टीम का कप्तान बनाया गया था। उन्हें केएल राहुल की जगह यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। राहुल नई टीम लखनऊ सुपरजाएंट्स के कप्तान बने थे।
मयंक के लिए पिछला सीजन निराशाजनक रहा था। वह बल्ले से 12 पारियों में 16.33 की औसत से 196 रन ही बना सके थे। इस दौरान उनका औसत 122.5 का था। वह अपनी टीम के शीर्ष पांच बल्लेबाजों में भी नहीं थे। उनकी कप्तानी की बात करें तो पंजाब की टीम अंक तालिका में छठे स्थान पर रही थी। तूफानी बल्लेबाजी की फौज होने के बावजूद टीम प्लेऑफ में नहीं पहुंच पाई थी।
मयंक फिलहाल कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (केएससीए) टी20 लीग में खेल रहे हैं। उन्होंने बेंगलुरु ब्लास्टर्स के लिए 11 पारियों में 480 रन बना चुके हैं। उनका औसत 53.33 और स्ट्राइक रेट 167.24 का रहा है। मयंक ने दो शतक भी लगाए हैं। मयंक की शानदार बल्लेबाजी के चलते उनकी टीम बेंगलुरु ब्लास्टर्स टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच चुकी है, जहां उसका सामना गुलबर्ग मिस्टिक्स या मैसूर वॉरियर्स के साथ होगा।