भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही टेस्ट सीरीज में अपनी बल्लेबाजी से इंग्लैंड की नाक में दम करने वाले चेतेश्वर पुजारा के बारे में यह कम ही लोग जानते है कि उनके दोनों घुटनों का ऑपरेशन हो चुका है। इस ऑपरेशन के कारण इस खिलाड़ी को क्रिकेट के मैदान से दूर भी रहना पड़ा था, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और क्रिकेट की दुनिया में वापसी की।
24 साल का यह प्रतिभाशाली खिलाड़ी गुजरात का है। सर्जरी के बाद पुजारा को ठीक हुए अभी 6 माह ही हुए है। नेशनल क्रिकेट अकादमी के फिजियोथेरपिस्ट ने उन्हें फिट होने का सर्टिफिकेट दिया था। जिसके बाद वह सौराष्ट्र टीम की ओर से रणजी मैच खेलने के लिए मैदान में उतरे। पुजारा को जब फिटनेस सर्टिफिकेट दिया गया तो उनका कहना था कि अब मैं पीछे मुड़कर नहीं देखना चाहता।
आज भारतीय टीम में उनकी तुलना राहुल द्रविड़ से की जा रही है। भारतीय क्रिकेट में टीम इंडिया की दीवार के नाम से अपनी पहचान बनाने वाले राहुल द्रविड़ से अगर किसी खिलाड़ी की तुलना की जा रही है तो उसकी प्रतिभा का अंदाजा लगाया जा सकता है। इसके साथ ही अहमदाबाद टेस्ट में 206 और 41 रन की नाबाद पारी खेलकर पुजारा ने प्रतिभा साबित भी कर दी है।