भारत के खिलाफ पहले दो मैचों में करारी हार के बाद हताशा के दौर से गुजर रहे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को मनोचिकित्सक की सेवाएं दी जाएगी। ऑस्ट्रेलियाई टीम में दोबारा आत्मविश्वास भरने के लिए मनोचिकित्सक माइकल लॉयड की सेवा ली जाएगी।
डेली टेलीग्राफ अखबार में प्रकाशित खबर में कहा गया है कि भारत के हाथों दो करारी हार और चार खिलाड़ियों के निलंबन का टीम पर गहरा असर हुआ है। ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी आत्मविश्वास खो चुके हैं।
मालूम हो कि भारत दौरे पर आई ऑस्ट्रेलियाई टीम को शुरुआती दो टेस्ट मैचों में बुरी तरह हारी है। भारत ने चेन्नई में खेले गए पहले टेस्ट मैच में आठ विकेट से जीत हासिल की थी और फिर हैदराबाद में उसने ऑस्ट्रेलिया को एक पारी और 135 रनों से हराया था।
इन दो करारी हार के बाद टीम प्रोटोकाल का उल्लंघन करने पर ऑलराउंडर शेन वाटसन, बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा और तेज गेंदबाज जेम्स पैटिंसन व मिचेल जॉनसन को तीसरे मैच के लिए वैन कर दिया गया था। इस विवाद के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम में फूट की खबरें भी सामने आईं थीं।
दूसरे टेस्ट मैच में अपने 136 साल के इतिहास में ऑस्ट्रेलियाई की 10वीं बड़ी हार के बाद मनोचिकित्सक लॉयड को भारत भेजने का फैसला किया गया है।
लॉयड सीए से मान्यता प्राप्त कई टीमों के साथ काम कर चुके हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के प्रवक्ता ने कहा कि हम अनुभव कर रहे हैं कि बाकी बचे भारत दौरे पर ऑस्ट्रेलियाई टीम को लॉयड की सेवा देना जरूरी है।