फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PSL 2025: जिसे PCB ने कप्तानी से हटाया, उसकी टीम पीएसएल में चार साल में तीसरी बार बनी चैंपियन, क्वेटा को हराया

Mon, 26 May 2025 12:25 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लाहौर

सार

दिलचस्प बात यह रही कि जिम्बाब्वे के ऑलराउंडर सिकंदर रजा फाइनल में टॉस से महज 10 मिनट पहले इंग्लैंड से लाहौर पहुंचे थे और उन्होंने अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
विज्ञापन
शाहीन अफरीदी - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जिस शाहीन अफरीदी को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने पिछले साल टी20 टीम की कप्तानी से हटा दिया था, उनकी टीम लाहौर कलंदर्स ने तीसरी बार पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) के खिताब पर कब्जा जमाया है। लाहौर की टीम पिछले चार साल के अंदर तीसरी बार चैंपियन बनी है। रविवार को खेले गए फाइनल में शाहीन की लाहौर टीम ने सऊद शकील की क्वेटा ग्लैडिएटर्स को छह विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए क्वेटा की टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 201 रन बनाए थे। जवाब में लाहौर की टीम ने 19.5 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। 
विज्ञापन

रजा टॉस से 10 मिनट पहले लाहौर पहुंचे
दिलचस्प बात यह रही कि जिम्बाब्वे के ऑलराउंडर सिकंदर रजा फाइनल में टॉस से महज 10 मिनट पहले इंग्लैंड से लाहौर पहुंचे थे और उन्होंने अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। रजा ने नॉटिंघम में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच खेला था जिसे जिम्बाब्वे शनिवार को पारी से हार गया था। क्वेटा के स्पिनरों  की जोड़ी अबरार अहमद (27 रन पर एक विकेट) और उस्मान तारिक (38 रन पर एक विकेट) ने बीच के ओवरों में लाहौर पर शिकंजा कस दिया था। जब रजा मैदान पर आए तो लाहौर को आखिरी 20 गेंदों पर 57 रन की जरूरत थी। इसके बाद रजा ने सात गेंदों पर नाबाद 22 रन (दो चौके और दो छक्के) बनाए, जबकि कुसल परेरा ने 31 गेंदों में नाबाद 62 रनों (पांच चौके और चार छक्के) की पारी खेली। रजा रविवार को पीएसएल फाइनल मैच से ठीक पहले पहुंचकर लाहौर के लिए संकटमोचक साबित हुए।

रजा ने आखिरी ओवर में दिलाई जीत
लंबे सफर के बाद लाहौर पहुंचे रजा पर थकान का कोई असर नहीं दिखा। उन्होंने तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर की पहली दो गेंदों पर चौका और छक्का जड़ा। फहीम अशरफ की अंतिम तीन गेंदों पर टीम को जीत के लिए आठ रन चाहिए थे। रजा ने इस तेज गेंदबाज के खिलाफ छक्का और फिर फिर मिड-ऑन पर चौका जड़कर लाहौर को यादगार जीत दिला दी। रजा और परेरा के अलावा लाहौर के लिए फखर जमां ने 10 गेंद में 11 रन, मोहम्मद नईम ने 27 गेंद में एक चौका और छह छक्के की मदद से 46 रन, अब्दुल्लाह शफीक ने 28 गेंद में चार चौके और एक छक्के की मदद से 41 रन और भानुका राजपक्षे ने 16 गेंद में 14 रन की पारी खेली। क्वेटा की ओर से मोहम्मद आमिर, फहीम अशरफ, अबरार अहमद और उस्मान तारिक को एक-एक विकेट मिला। 

क्वेटा के लिए हसन नवाज ने अच्छी बल्लेबाजी की
इससे पहले पाकिस्तान के उभरते हुए स्टार टी20 बल्लेबाज हसन नवाज ने 43 गेंदों पर 76 रनों की पारी खेली। अशरफ ने आठ गेंद में 28 रन बनाए और उन्होंने लाहौर के सलमान मिर्जा के आखिरी ओवर में 23 रन बटोरे जिससे क्वेटा 200 रन के पार पहुंच गया। अशरफ की 20वें ओवर में आतिशी बल्लेबाजी ने हालांकि क्वेटा को छह साल में अपना पहला पीएसएल खिताब जीतने की उम्मीद दी, लेकिन रजा ने उनके सपने को तोड़ दिया। कप्तान शकील छह गेंद में चार रन, फिन एलेन ने 11 गेंद में 12 रन, राइली रूसो ने 11 गेंद में 22 रन और अविष्का फर्नांडो ने 22 गेंद में 29 रन की पारी खेली।
विज्ञापन

हसन नवाज बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
दिनेश चांदीमल ने 13 गेंद में 22 रन बनाए। फहीम ने आठ गेंद की आतिशी पारी में दो चौके और तीन छक्के लगाए। कप्तान शाहीन शाह अफरीदी (24 रन पर तीन विकेट) और हारिस रऊफ (41 रन पर दो विकेट) की तेज गेंदबाजी जोड़ी ने आखिरी कुछ ओवरों में दो रन के अंतराल में चार विकेट चटकाकर मैच में लाहौर की वापसी कराई। इसके अलावा सलमान मिर्जा को दो विकेट मिले। वहीं, रजा और रिशाद हुसैन को एक-एक विकेट मिला। कुसल परेरा प्लेयर ऑफ द फाइनल रहे, जबकि हसन नवाज को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें